जबलपुर के सदर केंट क्षेत्र में प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने के आरोप में पुलिस ने एक पान दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दुकान से अलग-अलग कंपनियों की 5 ई-सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी केंट पुष्पेन्द्र पटले के अनुसार 14 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सदर केंट स्थित चौपाटी की दुकान नंबर 29 में संचालक द्वारा प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट की बिक्री की जा रही है।
सूचना के बाद दुकान पर दबिश
सूचना के आधार पर केंट पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस के अनुसार दुकान संचालक ने अपना नाम राजा चौधरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती कजरवारा, गोराबाजार बताया।
तलाशी के दौरान दुकान से अलग-अलग ब्रांड और फ्लेवर की 5 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट बरामद की गईं। इनमें रिचार्जेबल और डिस्पोजेबल ई-सिगरेट शामिल बताई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक दुकान संचालक से ई-सिगरेट की बिक्री और उनके संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
करीब 5 हजार रुपये की ई-सिगरेट जब्त
पुलिस ने दुकान से बरामद पांचों ई-सिगरेट जब्त करते हुए उनकी कुल कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी है। आरोपी दुकान संचालक के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की रही भूमिका
कार्रवाई में उप निरीक्षक जगदीश सिंह, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र पटेल तथा आरक्षक प्रमोद, नितिन और माधव सिंह की भूमिका रही।


