27.5 C
Jabalpur
October 25, 2026
सी टाइम्स
खेलराष्ट्रीय

ऑस्ट्रेलियाई कोच ने भारत पर सैम कॉन्स्टास को डराने का आरोप लगाया

सिडनी, 4 जनवरी। ऑस्ट्रेलिया के कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने भारत पर सिडनी टेस्ट के पहले दिन के अंत में उस्मान ख़्वाजा के विकेट का जश्न मनाने के तरीके़ को लेकर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही भारतीय खिलाड़ियों पर सैम कॉन्स्टास को डराने का आरोप लगाया।

पहले दिन के खेल के नाटकीय अंत के दौरान कॉन्स्टास और जसप्रीत बुमराह के बीच बहस हो गई थी। हालात ऐसे थे कि इसमें अंपायर को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस बहस के दो गेंदों के बाद बुमराह ने ख़्वाजा को दिन की आखिरी गेंद पर आउट कर दिया। यह विकेट लेने के बाद बुमराह ने मुड़कर आक्रामक तरीके़ से कॉन्स्टास की ओर कदम बढ़ाए और पूरे जोश के साथ बाक़ी के भारतीय खिलाड़ियों ने जश्न मनाया। मैकडोनाल्ड ने घटना के बाद कॉन्स्टास से बात की ताकि यह सुनिश्चित कर सकें कि 19 वर्षीय खिलाड़ी भारतीय टीम की प्रतिक्रिया से परेशान न हो।

मैकडोनाल्ड ने कहा, “मैंने उससे बातचीत यह जानने के लिए थी कि क्या वह ठीक हैं। स्पष्ट रूप से जिस तरह भारत ने उस विकेट का जश्न मनाया वह काफ़ी डराने वाला था। यह स्पष्ट रूप से खेल के नियमों के दायरे में था। यहां कोई आरोप नहीं लगाया जा रहा है, लेकिन विपक्षी टीम का नॉन-स्ट्राइकर के चारों ओर इस तरह जमा होना… हमारे खिलाड़ी की मानसिक स्थिति सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है ताकि वह मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर सके।”

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें लगता है कि भारत ने हद पार की, मैकडोनाल्ड ने कहा, “यह स्पष्ट है कि यह स्वीकार्य था और नियमों के दायरे में था, क्योंकि उसके लिए कोई जुर्माना या सज़ा नहीं दी गई। इसलिए मैं इसे आईसीसी, एंडी पाइक्रॉफ्ट (मैच रेफ़री) और मैदान पर मौजूद अंपायरों पर छोड़ता हूं। अगर उन्हें यह संतोषजनक लगा तो ठीक है।”

कॉन्स्टास ने दूसरे दिन की सुबह 23 रन बनाए, जिसमें बुमराह के ख़िलाफ़ सीधा ड्राइव और डीप थर्ड की ओर स्कूप शॉट भी शामिल थे। इसके बाद वह मोहम्मद सिराज की गेंद पर स्लिप में कैच आउट हो गए। जब कॉन्स्टास का विकेट गिरा तो बुमराह मिड-ऑन पर फ़ील्डिंग कर रहे थे, विकेट गिरने के बाद तुरंत भारतीय खिलाड़ियों के समूह की ओर नहीं गए और इसके बजाय कॉन्स्टास की दिशा में चलते हुए दिखे।

प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, “हमें उनके खेलने के तरीके़ में मज़ा आता है और हम भी आक्रामक तरीक़े से खेलना पसंद करते हैं। अगर हमारे सामने कोई कहता है कि मैं तुम्हारा सामना कर सकता हूं, तो एक टीम के रूप में हम यह दिखाना चाहते हैं कि हम यहां हैं और हमें हल्के में मत लो। तुम्हारे ख़िलाफ़ हम सभी 11 खिलाड़ी एकसाथ हैं। अगर तुम भी उतने ही आक्रामक हो सकते हो, तो ठीक है।”

सिडनी में दूसरे दिन के खेल से पहले रिकी पोंटिंग ने कहा कि उन्हें कॉन्स्टास का पिछली शाम हुई घटना में शामिल होना पसंद नहीं आया। उन्होंने चैनल 7 को बताया, “मुझे कॉन्स्टास का इसमें शामिल होना पसंद नहीं आया। यह उनकी लड़ाई नहीं थी। यह ख़्वाजा और बुमराह के बीच था। मुझे उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम से उस घटना के बारे में युवा खिलाड़ी के साथ बात की गई होगी, क्योंकि उन्हें इससे बाहर रहना चाहिए था और अपने सीनियर खिलाड़ी को आख़िरी कुछ गेंदें संभालने देना चाहिए था।”

अन्य ख़बरें

‘विंग्स ओवर गंगा’ भारतीय वायुसेना के शौर्य और शक्ति का उत्सव : राजनाथ सिंह

Newsdesk

एशियन पैरा गेम्स: पीएम मोदी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर स्वदेश लौटे एथलीटों को दी बधाई, कहा- देश के लिए गर्व और खुशी का पल

Newsdesk

रूस की संसद के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन नई दिल्ली पहुंचे, 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में लेंगे हिस्सा

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading