31.5 C
Jabalpur
April 23, 2026
सी टाइम्स
जीवनशैलीप्रादेशिक

इस बार उमंग के अनूठे रंग में सराबोर होगी वृंदावन की होली, विधवाएं बनाएंगी वर्ल्ड रिकॉर्ड

लखनऊ, 7 मार्च। उल्लास-उमंग और रंगों का पर्व होली इस बार वृंदावन में एक अलग आभा में सराबोर दिखेगा। मथुरा-वृंदावन की होली तो वैसे भी जगत प्रसिद्ध है, मगर इस बार यहां की होली केवल आनंद ही नहीं सामाजिक सौहार्द्र, सांस्कृतिक समरसता तथा सामाजिक परिवर्तन के सम्मानित क्षण बनकर विश्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने जा रही है। योगी सरकार के प्रयासों से यहां 2,000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलकर एक अनूठा रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। इस क्रम में, वृंदावन के सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग होली पर ‘विधवाओं की होली-2025’ के तौर पर एक यूनिक इवेंट का आयोजन कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दिशा में प्रयास करेगा। ऐसे में, इस बार होली का त्योहार न केवल विधवाओं की बेरंग जिंदगी में खुशियों का रंग घोलने का माध्यम बनेगा, बल्कि इतिहास और विश्व रिकॉर्ड में दर्ज होने के साथ ही समाज में सशक्त संदेश देने का माध्यम भी बनेगा। ‘विधवाओं की होली’ एक अनूठा सांस्कृतिक उत्सव है।

परंपरागत रूप से, भारत में विधवाओं से होली जैसे त्योहारों सहित सांसारिक सुखों को त्यागने की अपेक्षा की जाती थी, लेकिन भगवान कृष्ण के दिव्य प्रेम से जुड़े शहर वृंदावन में यह एक क्रांतिकारी बदलाव के तौर पर देखा जाता है। वृंदावन में विधवाओं की होली एक सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन है, जो सदियों पुरानी वर्जनाओं को तोड़ता है। विधवाओं को मुख्यधारा के समारोहों में शामिल करने के प्रयास के रूप में शुरू किया गया यह त्योहार सशक्तीकरण और समावेशिता के एक प्रतिष्ठित आयोजन में बदल गया है। हर साल, वृंदावन के विभिन्न आश्रमों से हजारों विधवाएं होली पर खुद को जीवंत रंगों, संगीत और भक्ति में सराबोर कर लेती हैं। इस आयोजन ने सामाजिक परिवर्तन, सम्मान और प्रसन्नता के प्रतीक के रूप में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त की है।

ऐसे में अब योगी सरकार ने इसे विश्व रिकॉर्ड से जोड़ने की तैयारी कर ली है। वर्ष 2025 में योगी सरकार ने सामाजिक कल्याण संगठनों के सहयोग से 2,000 से अधिक विधवाओं के साथ सबसे बड़े होली समारोह का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करने जा रही है, जो सांस्कृतिक पुनरुत्थान और सामाजिक सद्भाव में एक मील का पत्थर साबित होगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग वृंदावन में भव्य ‘विधवाओं की होली-2025’ कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसमें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करते हुए उत्तर प्रदेश की समावेशिता और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित किया जाएगा। योजना के अनुसार, इस समारोह में पारंपरिक लोक गायन, लोक नृत्य, भक्ति गीत जैसी प्रस्तुतियां भी होंगी। आयोजन में ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल होगा तथा इसमें अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों, मीडिया तथा भक्तों की भागीदारी होगी। इसे सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए एक विशिष्ट टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा, जिससे उन्हें विभिन्न पहलुओं की विवेचना समेत प्रमाणन प्रक्रिया को पूरा करने में भी आसानी होगी।

अन्य ख़बरें


संबल योजना में गड़बड़ीः जनपद पंचायत समनापुर के ऑपरेटर मुकेश मालवीय गिरफ्तार

Newsdesk

20दिवसीय बाल सह युवा नाट्य कार्यशाला का भव्य समापन समारोह आयोजित

Newsdesk

महिला बाल विकास एवं पुलिस टीम द्वारा समझाईश से रोका गया बाल विवाह

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading