Jabalpur News। गुड़ी पड़वा के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नर्मदा भाग द्वारा जबलपुर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। यह संचलन क्रिश्चियन स्कूल से प्रारंभ होकर तैय्यब अली चौक, घंटाघर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।
इस पथ संचलन में करीब 1500 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जो पारंपरिक वेशभूषा में अनुशासनबद्ध तरीके से कदमताल करते नजर आए। इसमें छोटे बच्चे भी शामिल हुए, जिन्होंने अनुशासन और संगठन की भावना को दर्शाया।
गुड़ी पड़वा संघ के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती भी होती है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने हाथों में लाठी लेकर अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया।
रमजान माह के चलते इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। तैय्यब अली चौक, घंटाघर और ओमती क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। पथ संचलन के दौरान कुछ देर के लिए यातायात रोका गया, जिसे बाद में पुनः सुचारू कर दिया गया।


