Jabalpur News Today – जबलपुर के भीटा फुलर गांव से बांदकपुर दर्शन के लिए गया एक ही परिवार मंगलवार को दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। लौटते समय महादेव घाट के पास बनवार चौकी क्षेत्र में उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में परिवार के 8 सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब परिवार बांदकपुर से जटाशंकर धाम के दर्शन कर जबलपुर लौट रहा था। बोलेरो में कुल 15 लोग सवार थे। 6 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों ने दमोह जिला अस्पताल में दम तोड़ा। अन्य 5 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
हादसे में जिन की जान गई है उनमें लौंग बाई, हल्की बाई, संपत बाई, गुड्डी बाई, रचना, तमन्ना, शिब्बू, वैजयंती बाई (60) के नाम सामने आए हैं।
जबकि घायलों में रज्जो सिंह (55), वैभव सिंह (12), रविंद्र (22), आयुष, अंकित शामिल हैं।
जांच में सामने आई वजहें
कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि बोलेरो तेज रफ्तार में थी और जैसे ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बने पुल के एप्रोच रोड पर आई, वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। एसपी श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि जिस मोड़ पर हादसा हुआ वह खतरनाक है और वहां कुछ स्ट्रक्चरल समस्याएं भी हो सकती हैं। सड़क पर बोलेरो के पहियों के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि वाहन तेज गति में था। हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित की जा रही है


