32.5 C
Jabalpur
April 26, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

एयर इंडिया विमान हादसे में मणिपुर के दो केबिन क्रू सदस्यों की मौत

इंफाल, 13 जून। गुजरात के अहमदाबाद में बुधवार को एयर इंडिया का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। इस हादसे में मणिपुर के दो केबिन क्रू सदस्यों की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान थौबल जिले के थौबल अवांग लेइकाई निवासी कोंगरालैतपम नगनथोई शर्मा और चुराचांदपुर जिले के सिंगसन लामनुनथेम के रूप में हुई है। इस दुखद घटना की सूचना के बाद से मणिपुर में शोक की लहर दौड़ गई है।



नगनथोई पिछले डेढ़ साल से एयर इंडिया में केबिन क्रू सदस्य के रूप में कार्यरत थी। तीन बहनों में मझली नगनथोई ने दुर्घटना से ठीक पहले सुबह करीब 11:38 बजे अपनी बहन को एक संदेश भेजा था। संदेश में उसने लिखा, “मैं लंदन जा रही हूं। कुछ ही मिनटों में, हम उड़ान भरेंगे। हम कुछ समय तक बात नहीं कर पाएंगे।” यह संदेश उसका आखिरी संदेश साबित हुआ।

हादसे की खबर मिलते ही मणिपुर में रह रहे उनके परिजनों को गहरा सदमा लगा। नगनथोई के परिवार और स्थानीय समुदाय में शोक का माहौल है। खंगाबोक विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओकराम सुरजाकुमार ने गुरुवार को नगनथोई के थौबल अवांग लेइकाई स्थित निवास पर जाकर परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के दुख को साझा करते हुए अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने कहा, “यह मणिपुर के लिए एक अपूरणीय क्षति है। नगनथोई एक होनहार युवती थीं, जिन्होंने अपने परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया था। हम इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं।”

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही समय बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कितने लोगों की जान गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। एयर इंडिया ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और मृतकों के परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

बताया जा रहा है कि विमान अहमदाबाद के सिविल अस्पताल के बगल में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह घटना दोपहर के भोजन के समय हुई, जब छात्रावास का मेस क्षेत्र मेडिकल छात्रों से भरा हुआ था।

मलबे और छात्रावास पर दुर्घटना के प्रभाव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिससे पूरे देश में सदमे और शोक की लहर फैल गई है।

अन्य ख़बरें

तेलंगाना : चारमीनार एक्सप्रेस के एस5 कोच में लगी आग, आलेर स्टेशन के पास मचा हड़कंप

Newsdesk

बाबा साहब ने किया कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष

Newsdesk

गेहूं खरीदी में मनमानी, “चेहरा देखकर” हो रही तौल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading