27.6 C
Jabalpur
April 22, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

हिमाचल प्रदेश के खनियारा में तेज बहाव की चपेट में आने से कई मजदूर बहे, दो की मौत; जेपी नड्डा ने जताया दुख

धर्मशाला, 26 जून। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है। कुल्लू में बाढ़ के बाद अब धर्मशाला में भी हालात खराब है। जिले के खनियारा मणुणी खड्ड का जलस्तर बुधवार को अचानक बढ़ गया जिससे आए तेज बहाव में एक क्रशर में काम कर रहे कई मजदूर बह गए। कम से कम दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।

स्थानीय मजदूरों ने बताया कि घटना दोपहर दो से तीन बजे के बीच की है। उस समय मौके पर करीब 100 मजदूर काम कर रहे थे जिनमें लगभग 14-15 मजदूर बह गए। अचानक आई बाढ़ में अपने साथियों को खोने के बाद वहां काम करने वाले श्रमिकों में दहशत का माहौल है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस बात करते हुए मौके पर मौजूद दयाकिशन ने बताया कि कंपनी ने नीचे जाने के लिए कहा था। हम अपना सामान बांधने जब तक जाते तब तक बाढ़ आ गई। मेरा बैग, दो तीन लोगों के पैसे, मेरा फोन सब कुछ बह गया। उन्होंने बताया कि लगभग 14-15 लोग पानी के बहाव में बह गए।

एक अन्य मजदूर रवि कुमार ने बताया कि सुबह से हल्की बारिश हो रही थी। हम दोपहर में खाना खाकर सो रहे थे। अचानक आई बाढ़ में जानमाल नुकसान हुआ है। जम्मू का एक हमारा साथी बह गया।

जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की लाश तैरती हुई मनूनी खड्ड में बहती हुई नीचे पहुंच गई। एक अन्य व्यक्ति की लाश प्रोजेक्ट के दो नम्बर फेस पर पड़ी मिली।

श्रमिक खनियारा की पहाड़ियों में एक हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। परियोजना में लगे स्थानीय लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बारिश के कारण परियोजना का काम नहीं हो रहा था, इसलिए सभी मजदूर, मजदूर कॉलोनी में ही थे। इस बीच मनूनी खड्ड और नाले का सारा पानी कॉलोनी की तरफ डायवर्ट हो गया और कॉलोनी में शेडों में आराम कर रहे मजदूर बह गए। पानी में बहे ज्यादातर मजदूर जम्मू-कश्मीर के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। रास्ते टूट जाने की वजह से राहत और बचाव टीम के सामने घटना स्थल पर पहुंचने में परेशानी आ रही है। उन्हें पैदल ही जाना पड़ रहा है, जिससे बचाव कार्य में विलंब हुआ।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त करते सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला के निकटवर्ती खनियारा की मणुणी खड्ड में अचानक पानी का तेज बहाव बढ़ने से कई श्रमिकों के बहने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। संकट की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देवभूमि के नागरिकों की हरसंभव सहायता के लिए समर्पित है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं शोक संतप्त परिवारों को संबल प्रदान करें।”

अन्य ख़बरें

परिषद द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय घुघरी में समानता पर्व मनाया गया

Newsdesk

वार्ड क्रं.6 एवं 29 तथा हनुमान चौक जलभराव की समस्या में राहत

Newsdesk

नपा बालाघाट कार्यालय में हुआ मनोनित पार्षदों का सम्मान
नगर विकास की अवधारणा होगी अधिक मजबूत-नपाध्यक्ष

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading