जबलपुर। शक्तिनगर क्षेत्र की आजाद पार्क के पास स्थित कॉलोनी के रहवासी इन दिनों जल निकासी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। घरों से निकलने वाला पानी बाहर नहीं जा पा रहा, जिससे चारों ओर गंदा पानी जमा हो गया है। नालियों के बंद होने के कारण बरसात में हालात और भी बदतर हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन उन्हें तकनीकी खामियों और नियमों का हवाला देकर केवल आश्वासन दिया जा रहा है। बीते तीन सप्ताह से रहवासी प्रशासन से समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मदनमहल पहाड़ी की तलहटी में बसे आजाद वार्ड की इस कॉलोनी के बीच स्थित आजाद पार्क के चारों ओर बने घरों की पानी निकासी की व्यवस्था पहले एक नाली के माध्यम से होती थी, जो पहाड़ी से आने वाले पानी को भी संभालती थी।
हाल ही में पार्क के उन्नयन कार्य के दौरान बीच में पाइप लाइन बिछा दी गई, जिससे पार्क की बाउंड्री भी टूट गई और मौजूदा नाली की दिशा भी अवरुद्ध हो गई। पार्क में नई नालियों और बाउंड्री का निर्माण तो हुआ, लेकिन घरों से जुड़ी नालियों को बंद कर दिया गया।
अब स्थिति यह है कि मकानों के आसपास ही गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


