जबलपुर, 18 जुलाई 2025 — मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा नशा मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे पंद्रह दिवसीय जनजागरण अभियान “नशे से दूरी, है जरूरी” के अंतर्गत जबलपुर में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना (भा.पु.से.) के निर्देशन में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक पूरे प्रदेश में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज में जागरूकता फैलाना है।
इस क्रम में जबलपुर जिले में पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रमोद वर्मा और उप पुलिस महानिरीक्षक श्री अतुल सिंह के मार्गदर्शन में यह रैली पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर संपन्न हुई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने कहा, “नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है। युवा शक्ति यदि नशे की गिरफ्त में आ जाती है, तो यह केवल व्यक्तिगत नहीं, राष्ट्रीय क्षति होती है। इस अभियान के माध्यम से हमारा उद्देश्य युवाओं को इस अंधकार से बाहर लाना है।”
श्री उपाध्याय ने आगे कहा कि “नशा अपराध को जन्म देता है और समाज में अस्थिरता लाता है। ऐसे में यह हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि हम स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।”
रैली से पहले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे स्वयं को, अपने परिवार और समुदाय को नशा मुक्त बनाएंगे। सभी ने एक स्वर में कहा, “हम अपने जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।”
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आनंद कलादगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्रीमती पल्लवी शुक्ला सहित लगभग 70 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान “नशे से दूरी, है जरूरी” विषयक फ्लैक्स और पोस्टरों से सुसज्जित जागरूकता रथ को पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो संपूर्ण शहर में भ्रमण कर लोगों को नशा मुक्ति का संदेश देगा।
रैली में भाग लेने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “हमारा है यही संदेश – नशा मुक्त हो मध्य प्रदेश” जैसे नारों के माध्यम से जनता को जागरूक किया।
रैली का मार्ग:
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुई यह रैली मालगोदाम, हाईकोर्ट चौक, घंटाघर, बड़ी ओमती, करमचंद चौक, मालवीय चौक, रानीताल चौक, शिवाजी चौक, मदनमहल थाना, ब्लूम चौक, भंवरताल, रसल चौक, इनकम टैक्स चौराहा, पर्यटन तिराहा होते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर संपन्न हुई।


