Jabalpur News Today – पिसनहारी मढ़िया क्षेत्र निवासी रामेश्वर सिंह के घर में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ढाई फीट लंबा अजगर का बच्चा रेंगते हुए बैठक कक्ष में प्रवेश कर गया। अचानक कमरे में सांप के दिखाई देने से परिजन घबरा गए और गढ़ा थाने में इसकी सूचना दी।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर इंडियन रॉक पायथन प्रजाति के अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर पास के जंगल में छोड़ दिया।
गजेंद्र दुबे ने बताया कि यह अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन यदि यह किसी शिकार को जकड़ ले, तो उसे तब तक नहीं छोड़ता जब तक उसका दम न घुट जाए। यह प्रजाति आमतौर पर मुरम और चट्टानी इलाकों में पाई जाती है और इसकी लंबाई दस फीट तक हो सकती है।
उन्होंने बताया कि बारिश के रुकने के बाद अचानक बढ़ी उमस की वजह से सरीसृप जीव अपने ठिकानों से निकलकर घर जैसे ठंडी जगहों की ओर रुख कर रहे हैं। यह घटना इसी का परिणाम है और लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
घरों में ऐसे सरीसृप जीवों के प्रवेश की घटनाएं मानसून में आम हो जाती हैं। इसलिए घर की खिड़कियां, दरवाजे और नालियों को ढंक कर रखना और सतर्क रहना बेहद ज़रूरी है। ऐसे मामलों में घबराएं नहीं, तुरंत विशेषज्ञों या वन विभाग से संपर्क करें।


