38.1 C
Jabalpur
June 11, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

हिमाचल प्रदेश : मंडी में एचआरटीसी की बस खाई में गिरी, 7 की मौत, सीएम सुक्खू ने जताया दुख

शिमला, 24 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसा सामने आया है, जहां हिमाचल रोड परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस पहाड़ी से नीचे गिर गई। इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बस में 30 यात्री सवार थे, तभी यात्रियों से भरी बस सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। घायलों को सरकाघाट कस्बे के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से तीन लोगों को बिलासपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में रेफर कर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों को सरकाघाट के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के पास तारंगला में हुए सड़क हादसे पर दुख जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को घायलों को अस्पताल ले जाकर इलाज कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा, “मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के मसेरन के निकट तारंगला में एचआरटीसी बस के खाई में गिरने से अब तक सात लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।

घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उपचार दिलाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दुख की इस घड़ी में, मैं दिवंगत जनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए, शोक-संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायल शीघ्र स्वस्थ हों, यही मेरी कामना है।” हालांकि, हादसे का कारण अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।

बता दें कि हादसे के बाद सरकाघाट पुलिस थाने और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय की आपातकालीन टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। साथ ही एंबुलेंस भी मौके पर भेजी गई। इस दौरान प्रशासन को बस से पीड़ितों को निकालने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव वाले सबसे पहले मौके पर पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों के आने से पहले ही बचाव अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश पीड़ित स्थानीय लोग थे। वहीं, भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मंडी में हुई बस दुर्घटना बहुत दुखद है और मैं ईश्वर से सभी को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। प्रशासन से अनुरोध है कि घायलों के इलाज की उचित व्यवस्था की जाए।

अन्य ख़बरें

सेन्ट्रल जीएसटी टीम की बड़ी कार्रवाई: कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार, 17 करोड़ से ज्यादा के फर्जी आईटीसी का आरोप

Newsdesk

पीएम मोदी ने मेलोनी को कहा ‘थैंक यू’, भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने का जताया भरोसा

Newsdesk

निर्माणी खमरिया द्वारा जबलपुर पुलिस को प्रदान किये गये 2 महेन्द्रा बुलेरो एवं 8 हॉण्डा एक्टिवा वाहन

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading