Devoleena to take legal action against trolls targeting her son with racist comments, 4 अगस्त – टेलीविजन अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे जॉय को नस्लभेदी टिप्पणियों का शिकार बनाए जाने के बाद ट्रोल्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा है कि यह लड़ाई सिर्फ उनके बेटे के लिए नहीं, बल्कि नस्लवाद के खिलाफ है, और वह एक ऐसा समाज चाहती हैं जहां किसी के साथ कोई भेदभाव न हो।
“मुझे ट्रोल किया गया, सहा… लेकिन बेटे पर नहीं सहूंगी”
देवोलीना ने कहा, “एक सेलेब्रिटी होने के नाते मुझे ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है – मेरी लाइफस्टाइल, मेरे काम को लेकर। लेकिन मैंने कभी इसका असर खुद पर नहीं होने दिया। मैंने हमेशा समझा कि जहां प्यार मिलेगा, वहां नफरत भी मिलेगी। यहां तक कि मेरी शादी पर उठे सवालों पर भी मैं चुप रही। यह मेरा अधिकार था – मेरी चॉइस। लेकिन अब मैं चुप नहीं बैठूंगी।”
“मासूम बेटे को निशाना बनाना गलत”
अभिनेत्री ने कहा कि उनकी चुप्पी को कमजोरी समझा गया। “जब ट्रोल्स मेरी शादी से आगे बढ़कर मेरे बच्चे जॉय को निशाना बनाने लगे, तब मैं समझ गई कि अब चुप रहना ठीक नहीं। वे भूल जाते हैं कि नस्लवाद एक अपराध है। मुझे विश्वास है कि जब मेरा बेटा बड़ा होगा, तो वह इन सबका डटकर सामना करेगा – आखिर वो मेरा बेटा है।”
कानूनी कदम, साइबर क्राइम टीम सक्रिय
देवोलीना ने ट्रोल्स के हेटफुल कमेंट्स के स्क्रीनशॉट्स इकट्ठा किए हैं और साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज करवाई है। “मैं नस्लवाद के खिलाफ स्टैंड ले रही हूं। मैं एक ऐसे समाज की कल्पना करती हूं जहां कोई भेदभाव न हो। हमें हर दिन नस्लीय पूर्वाग्रह और अपमानजनक रवैये के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। ऐसे लोगों को माफ नहीं किया जाना चाहिए। उन्हें उनके कृत्य का अंजाम भुगतना चाहिए।”
“कोई माफ नहीं होगा”
देवोलीना ने कहा, “मैंने कानूनी रास्ता चुना है और सुनिश्चित करूंगी कि कोई भी माफ न हो। मैं चाहती हूं कि भविष्य में किसी भी माता-पिता और उनके बच्चों को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।”
उन्होंने यह भी बताया कि कई ट्रोलिंग अकाउंट्स अब सोशल मीडिया पर नहीं हैं, लेकिन उनकी पहचान की जा रही है, और उन्हें ट्रेस किया जाएगा।
देवोलीना की पर्सनल लाइफ
देवोलीना ने दिसंबर 2022 में अपने जिम ट्रेनर शानवाज़ शेख से शादी की थी। दिसंबर 2024 में उन्होंने बेटे जॉय को जन्म दिया।


