October 31, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

नववर्ष 2026 पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का देशवासियों को संदेश

नई दिल्ली, 1 जनवरी । नववर्ष 2026 के शुभ अवसर पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने देश और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। 

दोनों शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों ने नए साल को नई ऊर्जा, सकारात्मक बदलाव और एक सशक्त भारत के निर्माण का अवसर बताया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि नव वर्ष उल्लास और उमंग का समय होता है। यह केवल उत्सव का ही नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और नए संकल्प लेने का भी अवसर है।

उन्होंने कहा कि नया साल हमें अपने व्यक्तिगत और सामूहिक लक्ष्यों पर विचार करने और उन्हें मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

राष्ट्रपति ने देशवासियों से अपील की कि नववर्ष 2026 में हम सभी देश के विकास, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि ये मूल्य एक मजबूत और समावेशी भारत के निर्माण की नींव हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कामना की कि वर्ष 2026 सभी के जीवन में शांति, सुख और समृद्धि लेकर आए और एक सशक्त एवं उज्ज्वल भारत के निर्माण के हमारे संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करे।

वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नववर्ष 2026 पर सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आने वाला वर्ष सभी के जीवन में शांति, अच्छा स्वास्थ्य, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए।

उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि नया साल हमारे सामूहिक संकल्प को और मजबूत करें ताकि हम मिलकर एक विकसित और सशक्त भारत का निर्माण कर सकें।

बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सभी को 2026 की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आने वाला साल आपके लिए अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लाए, आपके प्रयासों में सफलता मिले और आप जो भी करें, उसमें आपको संतुष्टि मिले। हमारे समाज में शांति और खुशी के लिए प्रार्थना करता हूं।

अन्य ख़बरें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी की

Newsdesk

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर

Newsdesk

भारत ‘आईसीएआर-सीजीआईएआर साइंस एंड पार्टनरशिप वीक’ की करेगा मेजबानी, दिल्ली में जुटेंगे दुनियाभर के वैज्ञानिक

Newsdesk

Leave a Comment