जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सनातन चौक पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर (मिक्सचर मशीन) और एक्टिवा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक्टिवा पर सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी अंजू कार्तिक ने बताया कि एक्टिवा सवार महिलाएं एकता चौक की ओर से आ रही थीं, जबकि डंपर जीरो डिग्री दिशा से तेज गति में आ रहा था। डंपर की रफ्तार अधिक होने के कारण महिलाएं संभल नहीं सकीं और दोनों वाहनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।
हादसे में एक्टिवा चला रही महिला को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। वहीं पीछे बैठी महिला के पैर में चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, डंपर पर आरके शर्मा लिखा हुआ था। क्षेत्र में लगातार चल रहे निर्माण कार्यों के चलते भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
विजयनगर थाना प्रभारी राजेंद्र मरसकोले ने बताया कि दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। घटनास्थल से बैंक ऑफ पंजाब की एक पासबुक मिली है, जिसमें कांचघर निवासी सुषमा सतनामी का नाम दर्ज है। पुलिस ने मिक्सचर मशीन का नंबर जुटा लिया है और वाहन मालिक व फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


