April 6, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

संजीवनी नगर पुलिस ने चोरी करने वाली नौकरानी को पकड़ा
12.70 लाख के जेवर बरामद


जबलपुर। संजीवनी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई में नौकरानी द्वारा की गई लाखों की चोरी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने न केवल चोरी करने वाली नौकरानी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 लाख 70 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए गए हैं।
यह मामला थाना संजीवनी नगर में अपराध क्रमांक 29/26 धारा 306, 317(2) बी.एन.एस. के तहत दर्ज किया गया था। गिरफ्तार की गई मुख्य आरोपिया मनीषा कहार, निवासी हनुमान वार्ड करेली जिला नरसिंहपुर, पीड़ित परिवार के यहां नौकरानी के रूप में काम करती थी। वहीं दूसरा आरोपी विपिन उर्फ अभिषेक सोनी, निवासी नीमखेड़ा गौर थाना बरेला, चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स है।
घटना 19 जनवरी 2026 को सामने आई जब मयंक सिंह ठाकुर, निवासी नव निवेश कॉलोनी गंगानगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी सास कौशल्या दांगी की तबियत खराब रहने के कारण उनकी पत्नी नेहा ठाकुर अपने मायके दुर्गा कॉलोनी संजीवनी नगर आती-जाती रहती थी। सास की देखभाल के लिए मनीषा कहार को नौकरानी के रूप में रखा गया था। घर में रखे सोने-चांदी के जेवर 13 जनवरी 2026 को गायब पाए गए, जिसके बाद कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगाया गया। कैमरे की रिकॉर्डिंग में नौकरानी को आलमारी और सूटकेस खोलते हुए देखा गया।
जांच में पता चला कि घर से बड़ी मात्रा में जेवर चोरी हुए थे, जिनमें 42 मंगलसूत्र, 4 हार, 2 पंचाली, 1 चौन, 2 जोड़ी बाली, 1 जोड़ी कान की चौन, 1 जोड़ी लटकन, 1 जोड़ी टॉप्स, 5 अंगूठियां, 1 ब्रेसलेट, 1 लॉन्ग, 1 हाय चंद्रमा, 1 लॉकेट, 3 भगवान के मुकुट, 1 चूड़ी और चांदी की 3 जोड़ी पायल शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में मनीषा कहार ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2025 के रक्षाबंधन से धीरे-धीरे जेवर और नगदी चोरी करती रही। वह चोरी किए गए जेवर एकता मार्केट गौर स्थित विपिन ज्वेलर्स को बेचती थी और उससे मिले पैसे अपने पिता को दे देती थी, जिनकी कुछ महीने पहले मृत्यु हो चुकी है। उसने यह भी बताया कि तीन जोड़ी चांदी की पायल उसने किचन में छिपाकर रखी थीं, जिन्हें पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने गौर में दबिश देकर ज्वेलर्स विपिन सोनी को गिरफ्तार किया। उसकी दुकान से करीब 70 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए, जिनमें हार, अंगूठी, पंचाली माला, मंगलसूत्र पेंडल, कान की चेन, हाय, टॉप्स, बाली और चौन शामिल हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपिया मनीषा कहार को जेल भेज दिया गया है, जबकि ज्वेलर्स विपिन सोनी को पुलिस रिमांड पर लेकर अन्य चोरी गए सामान की तलाश और पूछताछ की जा रही है।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री संपत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुश्री पल्लवी शुक्ला एवं नगर पुलिस अधीक्षक एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीवनी नगर श्री बी.डी. द्विवेदी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। उप निरीक्षक विनोद द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक कुंजीलाल मेहरा, आरक्षक आकाश पांडे, धीरज मेहरा, महिला आरक्षक मेधा दुबे और महिला सैनिक आस्था केवट की इस सफल कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अन्य ख़बरें

बिजली चोर पहुँचा जेल
रिमांड कोर्ट से नहीं हुई बेल

Newsdesk

जबलपुर में बिना नंबर और काली फिल्म वाली गाड़ियों पर सवाल, नागरिक ने ट्रैफिक व्यवस्था पर उठाई चिंता

Newsdesk

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा गुमशुदा 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को किया सुपुर्द

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading