जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशन में आज अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान छोटी लाइन फाटक स्थित अवैध सब्जी मंडी को हटाया गया और रामपुर चौक से लेकर ग्वारीघाट मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को साफ किया गया।
*अवैध सब्जी मंडी पर चली निगम की कार्यवाही*
क्षेत्रीय नागरिकों और वाहन चालकों की लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद आज निगम का अमला छोटी लाइन फाटक पहुँचा। यहाँ मुख्य सड़क और फुटपाथ पर लग रही अवैध सब्जी मंडी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए अवैध रूप से लगी दुकानों को वहां से हटाया और मार्ग को पूरी तरह खाली कराया।
*बंदरिया तिराहा से ग्वारीघाट तक सघन अभियान*
सब्जी मंडी हटाने की कार्यवाही के बाद अतिक्रमण दस्ते द्वारा बंदरिया तिराहा से रामपुर चौक तक सड़क किनारे रखे अवैध होर्डिंग्स, ठेले और गुमटियों को हटाया गया।
ग्वारीघाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर जिन दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर सामान फैला रखा था, उन्हें सख्त हिदायत देकर सामान अंदर कराया गया।
*दोबारा अतिक्रमण पर होगी जेल और जुर्माना*
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों और ठेला संचालकों को अंतिम चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा:
“यदि भविष्य में पुनः इन क्षेत्रों में अतिक्रमण पाया गया, तो केवल सामान जब्ती नहीं होगी, बल्कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध अनुशासनात्मक और भारी चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
आम जनता को मिली राहत
इस कार्रवाई से ग्वारीघाट और रामपुर क्षेत्र की सड़कों पर आवाजाही आसान हो गई है। नगर निगम के इस कदम की स्थानीय निवासियों ने सराहना की है, क्योंकि पर्यटन और धार्मिक महत्व के कारण ग्वारीघाट मार्ग पर अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी।


