June 23, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: मंडी मदार टेकरी से बहोराबाग तक हटाया गया अतिक्रमण



स्थाई-अस्थाई कब्जे हटाकर सड़क को किया गया अतिक्रमण मुक्त, यातायात हुआ सुगम

जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से मंडी मदार टेकरी से बहोराबाग तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
अपर आयुक्त अरविंद शाह एवं अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अमले के साथ हनुमानताल, घमापुर और यातायात थाने का भारी पुलिस बल तैनात रहा। दुकानों के बाहर बनाए गए अवैध ढांचों को तोड़ा गया तथा फुटपाथ पर रखा गया सामान जब्त किया गया। वहीं सड़क पर बाधा बन रहे ठेले, टपरों और लावारिस खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया।
इसके अलावा कछपुरा क्षेत्र में स्थित एक पुराने अनधिकृत अतिक्रमण को माननीय न्यायालय के आदेशानुसार पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मंडी मदार टेकरी क्षेत्र में लंबे समय से यातायात बाधित होने की शिकायतें मिल रही थीं। व्यापारियों द्वारा फुटपाथ पर सामान फैलाकर विक्रय करने से पैदल चलने वालों को भारी परेशानी हो रही थी।
आज की कार्रवाई के बाद मार्ग पूरी तरह खुल गया है और आम नागरिकों को आवागमन में राहत मिली है। अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा सड़क पर कब्जा किया गया तो न केवल सामान जब्त किया जाएगा बल्कि भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।
रात में भी रहेगी निगरानी
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल दिन तक सीमित नहीं रहेगा। रात में भी विशेष निगरानी की जाएगी ताकि सड़क पर खड़े वाहनों और ठेलों के कारण जाम की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
कार्रवाई के दौरान सहायक अतिक्रमण निरोधक अधिकारी अखिलेश सिंह भदौरिया, श्रीमती एकता रघुवंशी, सहायक परिवहन एवं यातायात प्रबंधन अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत, दल प्रभारी एवं कर्मचारी लक्षण कोरी, नदीम खान, जोसफ प्रवीण, अंकित पारस, वीरेंद्र मिश्रा, कुलदीप त्रिपाठी, दुर्गा राव, अभिषेक समुद्रे, ब्रज किशोर तिवारी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

अन्य ख़बरें

भूमि खरीद विवाद पर घिरे मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव, कांग्रेस बोली-निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री दें इस्तीफा

Newsdesk

विधान परिषद चुनाव में क्रॉस-वोटिंग पर भाजपा सख्त, दोषियों पर होगी कार्रवाई: आर अशोक

Newsdesk

महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता लागू करने की तैयारी, सरकार ने दी समिति गठन को मंजूरी

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading