April 7, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

नपा का  होगा सोशल ऑडिट, नगर विकास, सौंदर्यीकरण, निर्माण कार्यो के प्रस्ताव पारित


रहवासी क्षेत्र से शराब भट्टी हटाने हुआ प्रस्ताव पारित
नगर पालिका परिषद बालाघाट सामान्य सभा की हुई बैठक
बालाघाट। नगर पालिका परिषद बालाघाट सामान्य सभा की बैठक 13 फरवरी को नपा सभागार में हुई। जहां परिषद सदस्यों के समक्ष 17 प्रस्ताव रखे गये जिसपर आपसी सहमति से मंथन किया गया और प्रस्तावों पर चर्चा के उपरांत उन्हें पारित कराने का प्रयास हुआ। इन प्रस्तावों में विशेष रूप से  20 वर्षो का नगरपालिका द्वारा सोशल ऑडिट जनता के सामने प्रस्तुत करनें, नगर विकास कार्यो को गति देने, सौंदर्यीकरण तथा हनुमान चौक की जलभराव की समस्या को दूर किये जाने, नपा के स्वामित्व की दुकानों का लीज, चबुतरा नामांतरण शुल्क निर्धारण, बस स्टैण्ड-बाजार वसूली ई-निविदा के माध्यम से किये जाने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। परिषद सदस्यों के विचार सुने गये और इन्हें पारित कराया गया। साथ ही सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि , पक्ष-विपक्ष के पार्षदों के सुझावों को भी शामिल कर उसपर अमल किये जाने की बात कही गई।
नपा के स्वामित्व की दुकानों, चबुतरा, लीज की जांच के लिये बनेगी कमेटी
परिषद की बैठक में नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि सुशील वर्मा, विधायक प्रतिनिधि शफकत खान, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सीएमओ बीडी कतरोलिया, नेताप्रतिपक्ष पार्षद योगराज कारो लिल्हारे सहित सभापति एवं परिषद सदस्यों की उपस्थिति रही। बैठक के प्रस्तावों में एएचपी घटक बाह्य विद्युतीकरण योजना में ई-निविदा की जानाकरी दी गई न्यूनतम दर आने पर इसे वित्तीय स्वीकृति के लिये रखा गया, नगर के सौंदर्यीकरण तथा विकास को लेकर अम्बेडकर चौक से महात्मा फुले रेलवे ओवरब्रिज तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक लगाये जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें कुछ परिषद सदस्यों द्वारा आपत्ति ली गई लेकिन नपाध्यक्ष ने उत्तर देते हुए इसे शहर की सुंदरता और विकास की दृष्टि से सही बताया। हनुमान चौक में जलभराव की समस्या निराकरण के लिये आरसीसी पुलिया एवं नाली निर्माण कार्य किये जाने सएंबंधी पीआईसी के प्रस्ताव के संबंध में विचार किया गया एवं परिषद सदस्यों ने इस सहमति देते हुए इसे जल्द ही पूर्ण किये जाने की बात कही। नगरपालिका बालाघाट के स्वामित्व की दुकान, लीज, चबुतरा नामांतरण शुल्क निर्धारण तथा इसी से संबंधी अन्य प्रस्ताव में दुकान, लीज, चबुतरा आवंटियों की आगामी 3 वर्षो के लिये लीज नवीनीकरण, मासिक किराया निर्धारण किये जाने का प्रस्ताव था जिसपर परिषद सदस्यों के सुझाव पर इसकी सूची तैयार करने तथा वास्तविक हितग्राहियों को लाभ मिले इस हेतु चर्चा की गई जिसे लेकर नपाध्यक्ष ने कहा कि नगरपालिका की द्वारा 5 सदस्यीय समिति का गठन किया जायेगा जो जांच करेगी और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी जिससे तय हो पायेगा कि उक्त लीज अथवा चबुतरे पर उसी आवंटी द्वारा व्यवसाय किया जा रहा है या नहीं इसके उपरांत ही निर्णय लिया जाये।
राजस्व वसूली के लिये ई-निविदा, त्यौहारों  मे एवं छोटे फुटकर विक्रेताओं से नहीं लेंगे शुल्क
परिषद की बैठक में दैनिक बैठकी बाजार, साप्ताहिक बैठकी बाजार, अस्थाई दखल, शुल्क वसूली के अधिकार ई-निविदा के माध्यम से किये जाने का प्रस्ताव था जिसपर परिषद सदस्यों ने अधिक शुल्क लिये जाने की बात कही जिसपर नपाध्यक्ष ने बताया कि परिषद के वसूलीकर्ता ठीक ढंग से वसूली नहीं कर पा रहे थे और शिकायतें अधिक थी इसलिए ई-निविदा के माध्यम से उक्त वसूली कार्य का निर्धारण किया गया है जो पारदर्शी एवं शर्तो के अधिन रहे यह सुनिश्चित किया गया है साथ ही त्यौहारों के समय ग्रामीण एवं शहरी फुटकर दुकानदारों द्वारा लगाई जाने वाली अस्थाई दुकानों से कोई शुल्क नहीं लिया जायेगा जबकि अन्य गरीब वर्ग के फुटकर विक्रेताओं से भी कम शुल्क वसूल लिया जायेगा। काली पुतली चौक स्थित चौपाटी की दुकानों में क्रं.15 से 24 तक निविदा के माध्यम से दी गई है दुकानदारों को शेष राशि जमा करने के लिये पत्र दिया जा चुका है 8 दुकानदारों द्वारा पूर्ण राशि जमा की गई है 16 दुकानदारों ने रूची नहीं दिखाई है जिस हेतु दुकानदारों की राशि राजसात किये जाने एवं नपा के अधिपत्य में लिये जाने प्रस्ताव रखा गया जिसपर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
कर निर्धारण कलेक्टर गाईड लाईन के अनुरूप हो
नगरपालिका परिषद बालाघाट सीमा क्षेत्र के तहत सभी 33 वार्डो में भवनों एवं भूमियों के कर योग्य सम्पत्ति के मूल्य निर्धारण को लेकर राज्य शासन के राजपत्र के अनुसार वार्षिक भाड़ा मुल्य निर्धारण 2026-27 हेतु प्रकरण रखा गया जिसपर कुछ परिषद सदस्यों ने विचार रखे कि यह मूल्यवृद्धि नगरपालिका के माध्यम से ना की जाये कलेक्टर गाईडलाईन के अनुरूप ही बनी रहे। रेंगाटोला ट्रेचिंग ग्राउण्ड में लेगेसी वेस्ट निष्पादन और मोती तालाब उद्यान में नपा के स्वामित्व की दुकानों को स्वसहायता समूह को आवंटित किये जाने का निर्णय प्रस्ताव के माध्यम से लिया गया।
20 वर्षो का सोशल ऑडिट कराने का प्रस्ताव
नगरपालिका परिषद के विकास कार्यो एवं योजनाओं का सोशल ऑडिट सामाजिक लेखा परीक्षण कराये जाने को लेकर प्रस्ताव रखा गया जिसमें नपाध्यक्ष ने कहा कि आये दिन परिषद पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाये जाते है और कार्यप्रणाली पर प्रश्रचिन्ह लगता है ऐसे में जनप्रतिनिधियों की छवि पर असर होता। प्रस्ताव के माध्यम से बात रखी गई कि सोशल ऑडिट कराये जायेगा जिसमें वित्तीय व्यय की पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं जनहित में प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सके। इस प्रस्ताव को लेकर राजस्व सभापति वकील वाधवा द्वारा परिषद के कार्यो का तुलनात्मक विश्लेषण किये जाने 20 वर्षो का सोशल ऑडिट किये जाने का प्रस्ताव रखा गया। जिसपर विपक्षी दल के कुछ सदस्य असंतुष्ट रहे लेकिन नगरपालिका ने इसे जनसेवक के तौर पर परिषद के माध्यम से हमारे द्वारा किये जा रहे कार्यो का दर्पण बताया जिसपर सहमति से प्रस्ताव को पारित किया गया और राज्य शासन को पत्र भेजने तथा वहां से निर्देशित होने पर प्रक्रिया प्रारंभ करने की बात कही गई।
घनी आबादी से हटाई जायेगी शराब दुकानें
शहर के वार्ड क्रं.24 इंदिरा नगर, वार्ड क्रं.2 भटेरा चौकी, वार्ड क्रं.12 बुढ़ी स्थित शराब भट्टी को जनभावनाओं एवं सामाजिक मर्यादा के साथ ही निरंतर आ रही आपत्ति एवं विरोध की वजह से हटाये जाने के लिये कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर शासन द्वारा कार्यवाही किये जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मित से सहमति मिली। अन्य प्रस्तावों में गुजरी बाजार वार्ड क्रं.16 के शरणार्थी परिवारों को धारणा अधिकार पट्टा प्रदान किये जाने संबंध में प्रस्ताव परिषद के संज्ञान में लाया गया जिसपर राज्य शासन को पत्राचार किये जाने की बात कही गई। वहीं म्युनिसिपल स्कूल के पास प्रस्तावित काम्पलेक्स में 20 दुकानों का आरक्षण एवं आफसेट प्राइज के आधार पर लॉटरी के माध्यम से आरक्षित करने का प्रस्ताव भी शामिल रहा। इस प्रकार परिषद के पटल पर 17 प्रस्तावों को रखा गया जिसमें से सभी प्रस्ताव जनहित एवं नगर विकास की अवधारणा से जुड़े थे इनपर परिषद सदस्यों के साथ चर्चा कर सहमति बनाई गई।
सांसद और विधायक प्रतिनिधि ने भी रखें सुझाव
सांसद भारती पारधी के द्वारा बालाघाट नगर पालिका परिषद को प्रस्तुत पत्र में बैठक के दौरान प्रतिनिधि सुशील वर्मा माध्यम से सुझाव दिये गये कि हनुमान चौक की जलभराव तथा निचले वार्डो की इस समस्या का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर हो, नगर में धूल की समस्या को दूर करने डस्टिंग मशीन क्रय की जाये, शहर में सर्वसुविधायुक्त प्रसाधन बनाया जाये। उत्कृष्ट मैदान में मिनी स्टेडियम का निर्माण हो, नगरीय क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगे, व्यवस्थाएं ठीक की जाये इन मांगों को रखा गया जिसपर नपाध्यक्ष ने गंभीरतापूर्वक सभी मांगों पूर्ण किये जाने आश्वस्त कराया। उसी प्रकार विधायक प्रतिनिधि शफकत खान ने गुजरी बाजार की समस्या को रखा जिसमें उन्होंने बताया कि आवागमन में समस्या आती है इसे दूर किया जाये, लीज निविनिकरण में गंभीरता बनी रहे, नामांतरण प्रक्रिया नियमों के अनुरूप हो, शहर में समान रूप से विकास कार्य होती रही इन सुझावों को लेकर नपाध्यक्ष ने दलगत राजनीति से उपर उठकर नगर के समग्र विकास की परिकल्पना के साथ पूर्ण किये जाने आश्वस्त कराया।

अन्य ख़बरें

बिजली चोर पहुँचा जेल
रिमांड कोर्ट से नहीं हुई बेल

Newsdesk

जबलपुर में बिना नंबर और काली फिल्म वाली गाड़ियों पर सवाल, नागरिक ने ट्रैफिक व्यवस्था पर उठाई चिंता

Newsdesk

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा गुमशुदा 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को किया सुपुर्द

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading