April 7, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

दुर्गा हनुमान मंदिर में भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक श्रद्धा और भक्ति से गूंजा मंदिर प्रांगण



जबलपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री दुर्गा हनुमान मंदिर समिति द्वारा मंदिर परिसर में सामूहिक रुद्राभिषेक का भव्य और दिव्य आयोजन किया गया। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने सहभागिता कर भगवान शिव का वैदिक विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन किया।
आयोजन के अंतर्गत मंदिर प्रांगण में कुल सात समूह बनाए गए, जिनमें श्रद्धालुओं ने क्रमवार रुद्राभिषेक में भाग लिया। दोपहर 12 बजे से प्रसिद्ध विद्वान पं. वासुदेव शास्त्री जी के सान्निध्य में भगवान शिव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन प्रारंभ हुआ। मंत्रों की गूंज, शंखनाद और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
रुद्राभिषेक के दौरान भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, मधु, गंगाजल एवं सुगंधित द्रव्यों से अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भोग अर्पण कर महाआरती संपन्न हुई, जिसमें सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर दीप प्रज्वलन किया और भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
महाआरती के उपरांत भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिव भक्ति में लीन श्रद्धालुओं ने शिव के समक्ष भजन-कीर्तन के साथ भावविभोर होकर नृत्य किया और पूरे मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नेमा के साथ राजेश शर्मा, प्रशांत गुप्ता, सुनील ताम्रकार, अंकित बहरे, कृष्ण कांत शुक्ला, प्रभा शर्मा, अनिता गुप्ता, संगीता ब्यौहार, प्रीति गुप्ता, कीर्ति चौहान, सुनीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं शिव भक्त उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि इस सामूहिक रुद्राभिषेक का उद्देश्य समाज में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना है। इस तरह के आयोजनों से न केवल धार्मिक परंपराओं का संरक्षण होता है, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है। महाशिवरात्रि पर आयोजित यह रुद्राभिषेक श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

अन्य ख़बरें

बिजली चोर पहुँचा जेल
रिमांड कोर्ट से नहीं हुई बेल

Newsdesk

जबलपुर में बिना नंबर और काली फिल्म वाली गाड़ियों पर सवाल, नागरिक ने ट्रैफिक व्यवस्था पर उठाई चिंता

Newsdesk

कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा गुमशुदा 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को किया सुपुर्द

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading