सिवनी – जिले में अवैध सूदखोरी के खिलाफ सख्त अभियान के तहत थाना बंडोल पुलिस ने मारबोड़ी के दो कथित सूदखोरों को गिरफ्तार कर करीब 27 लाख रुपये कीमत के वाहन एवं कृषि यंत्र मुक्त कराए हैं। आरोपियों द्वारा अनाप-शनाप ब्याज वसूली, धमकी और जबरन संपत्ति कब्जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों और रसूखदार आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।
40 लाख वसूले, फिर भी 60 लाख की मांग
पीड़ित राजेश कुमार पाठक निवासी चौड़ा ने शिकायत दर्ज कराई कि मारबोड़ी निवासी ब्रजेश राजपूत एवं स्वदेश राजपूत से उसने आवश्यकता पड़ने पर 10-10 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। आरोप है कि दोनों ने अत्यधिक ब्याज जोड़कर अब तक लगभग 40 लाख रुपये वसूल लिए, इसके बावजूद 60 लाख रुपये अतिरिक्त ब्याज व पेनाल्टी की मांग कर रहे थे।
आरोपियों द्वारा गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देकर पीड़ित की स्कार्पियो, दो ट्रैक्टर, एक ट्रॉली, सीडड्रिल, रोटावेटर और एक वैगनआर कार जबरन अपने कब्जे में ले ली गई थी।
शिकायत पर थाना बंडोल में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 308(4), 296, 3(5) बीएनएस तथा मध्यप्रदेश ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 3, 4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
27 लाख का मशरूका जब्त
पुलिस टीम ने ग्राम मारबोड़ी में दबिश देकर दोनों आरोपियों—
ब्रजेश राजपूत (49 वर्ष)
स्वदेश राजपूत (44 वर्ष)
को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पीड़ित की स्कार्पियो, एक ट्रैक्टर, सीडड्रिल, रोटावेटर एवं वैगनआर कार कुल अनुमानित कीमत लगभग 27 लाख रुपये का मशरूका जब्त कर मुक्त कराया गया।
अंतरराज्यीय अपराधी है मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार ब्रजेश राजपूत थाना क्षेत्र का सक्रिय गुंडा बदमाश एवं अंतरराज्यीय अपराधी है, जिसके विरुद्ध सिवनी सहित छिंदवाड़ा एवं महाराष्ट्र के विभिन्न थानों में कुल 15 अपराध दर्ज हैं। उस पर जिला बदर की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
उसके भाई स्वदेश राजपूत के विरुद्ध भी थाना बंडोल में पूर्व से तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बंडोल उ.नि. मनोज जंघेला सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
जनता से अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की सूदखोरी, अवैध वसूली या धमकी का सामना करना पड़े तो तत्काल अपने नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


