जबलपुर। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके काटने की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए नगर निगम जबलपुर द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आवारा कुत्तों का बधियाकरण और एंटी रेबीज टीकाकरण किया जा रहा है, ताकि उनकी संख्या पर नियंत्रण के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। इसके लिए नगर निगम ने जबलपुर की पशु कल्याण संस्था माँ बगुलामुखी सेवा समिति से अनुबंध किया है, जिसके माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन आवारा कुत्तों की धरपकड़ की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन ने बताया कि बुधवार को शिकायतों के आधार पर बड़ी ओमती, नेता कॉलोनी आधारताल, पांडे अस्पताल क्षेत्र, राधा कृष्ण वार्ड, दमोह नाका शांति नगर, गोहलपुर, आधारताल, जयप्रकाश नगर, न्यू रामनगर, कमला नेहरू वार्ड, गोरखपुर कुम्हार मोहल्ला, मॉडल टाउन, 90 क्वार्टर विजय नगर, राजुल सिटी-7, दादा ठनठनपाल क्षेत्र, बोस नगर और जैन मंदिर मुस्कान क्षेत्र सहित कई स्थानों से आवारा कुत्तों को पकड़ा गया।
माँ बगुलामुखी सेवा समिति के डॉग कैचर कर्मचारियों ने अभियान के दौरान कुल 31 कुत्तों को पकड़कर कठौंदा स्थित श्वान बधियाकरण केंद्र पहुंचाया। यहां पशु चिकित्सकों द्वारा उनके स्वास्थ्य की जांच की गई, जिसके बाद 30 कुत्तों का सफलतापूर्वक बधियाकरण ऑपरेशन किया गया।
नगर निगम के अनुसार बधियाकरण और टीकाकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुत्तों को निर्धारित मानकों के अनुसार उनके मूल स्थानों पर छोड़ा जाएगा। निगम का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिन क्षेत्रों से शिकायतें प्राप्त होंगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित हो सके और नागरिकों को राहत मिल सके।


