जबलपुर। शहर समता विचार मंच की जबलपुर इकाई द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली मिलन समारोह के अवसर पर एक स्नेहपूर्ण एवं साहित्यिक माहौल में ऑफलाइन काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छाया त्रिवेदी ने की। आयोजन में साहित्य, संस्कृति और सामाजिक समरसता के भावों का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शशिकला सेन तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में कृष्णा राजपूत और आरती शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। इसके बाद उपस्थित सभी साहित्यप्रेमी बहनों ने सामूहिक रूप से सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् की मधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्ति और देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
काव्य गोष्ठी का संयोजन एवं संचालन उमा मिश्रा ‘प्रीति’ ने प्रभावी ढंग से किया। कार्यक्रम में अतिथियों का आत्मीय स्वागत भारती शर्मा द्वारा किया गया। गोष्ठी में शामिल रचनाकार बहनों ने अपनी कविताओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक संवेदनाओं, प्रकृति, प्रेम और होली के रंगों जैसे विविध विषयों पर रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिन्हें उपस्थित श्रोताओं ने खूब सराहा।
काव्य पाठ करने वाली रचनाकारों में आशा श्रीवास्तव, राजकुमारी रैकवार, प्रभा बच्चन, रचना सक्सेना (जबलपुर) और रश्मि पांडे प्रमुख रूप से शामिल रहीं। सभी कवयित्रियों ने अपनी भावपूर्ण और प्रभावशाली रचनाओं से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए तथा श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, रचनाकारों और उपस्थित साहित्यप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। होली और महिला दिवस के इस संयुक्त आयोजन ने साहित्य, सौहार्द और उत्साह का सुंदर संदेश दिया।


