जबलपुर/सिहोरा। खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम खितौला स्थित हिरन नदी किनारे बने श्मशान घाट में एक बेहद सनसनीखेज और हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने जलती चिता पर लेटकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे श्मशान घाट में एक व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार के बाद परिजन चिता को जलता छोड़कर अपने घर लौट गए थे। इसी बीच रात करीब 3 बजे सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल (27) निवासी खितौला अपने घर से अचानक निकल गया।
सुबह करीब 6 बजे परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट खितौला थाने में दर्ज कराई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। सुबह लगभग 7 बजे जब कुछ लोग श्मशान घाट पहुंचे और चिता की राख एकत्रित करने लगे, तब उन्होंने देखा कि उसी चिता पर एक युवक का आधा जला हुआ शव पड़ा है। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ की, जिसमें मृतक की पहचान सिब्बू कोल उर्फ शुभम कोल के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच कर रही है। परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस असामान्य घटना के बाद क्षेत्र में भय और कौतूहल का वातावरण बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


