जबलपुर। शहर के साउथ एवेन्यू मॉल में उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉल में कार्यरत एक किचन स्टाफ ने क्लीनिंग सुपरवाइजर पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में सुपरवाइजर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉल में पदस्थ किचन सेफ अर्पित ने किसी विवाद के चलते क्लीनिंग सुपरवाइजर संजय अहिरवार पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में संजय अहिरवार को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद मॉल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही गौरीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।


