जबलपुर। पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ-सट्टा संचालकों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ओमती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना ओमती की टीम ने एक सटोरिये को सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
थाना प्रभारी श्री राजपाल सिंह बघेल के अनुसार 19 अप्रैल 2026 की रात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मॉडल रोड स्थित सेंट नार्बद स्कूल के पीछे बस स्टॉप के पास एक युवक सट्टा लिख रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां आरोपी भागने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवा केशरवानी (22) निवासी गोहलपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, वन प्लस कंपनी का मोबाइल और ₹20,350 नगद जब्त किए। आरोपी के विरुद्ध सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक श्रीराम सनोडिया सहित आरक्षक सुनील पटेल, संतोष टेकाम और सुजीत की सराहनीय भूमिका रही।


