May 3, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

खेल बुनियादी ढांचे में निवेश राज्य के भविष्य के लिए सबसे अहम: मेघालय सीएम



शिलांग, 2 मई  मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने शनिवार को कहा कि युवाओं और खेल बुनियादी ढांचे में निवेश राज्य के भविष्य के लिए “सबसे बड़ा निवेश” है। उन्होंने उमलिंगका में उन्नत खेल मैदान और इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का उद्घाटन किया।

इस मौके पर आर.वी. लिंगदोह, हैमलेटसन डोहलिंग, खेल विभाग के अधिकारी, स्थानीय डोरबार श्नोंग संस्थाओं के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।



सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से सरकार मेघालय के सभी क्षेत्रों और विधानसभा क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो लोगों की चिंताओं और आकांक्षाओं के प्रति संवेदनशील हो तथा विकास हर क्षेत्र तक पहुंचे।



संगमा ने कहा, “सरकार के रूप में हमें लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए। बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के साथ-साथ हमारा मानना है कि युवाओं और लोगों में निवेश ही सबसे बड़ा निवेश है।”



उन्होंने कहा कि 3.5 करोड़ रुपये की इस परियोजना को केवल खर्च के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में दीर्घकालिक निवेश है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की खेल सुविधाएं अनुशासित, मेहनती और खेल भावना से परिपूर्ण खिलाड़ियों को तैयार करने में मदद करेंगी, जो जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता दिखा सकें।



उन्होंने कहा, “मैं इसे खर्च नहीं, बल्कि युवाओं और राज्य के भविष्य में निवेश मानता हूं।”



मुख्यमंत्री ने खेल क्षेत्र में सरकार की व्यापक पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार खेल ढांचे के निर्माण और नीतिगत सहयोग के जरिए खिलाड़ियों और खेल संघों के लिए मजबूत वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि युवा प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।



स्थानीय निवासियों, खासकर युवाओं को बधाई देते हुए संगमा ने समुदाय से इस नई सुविधा की सामूहिक जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया, ताकि यह आने वाले वर्षों तक उपयोगी, आकर्षक और सक्रिय बनी रहे।



उन्नत खेल परिसर में बैडमिंटन कोर्ट, ड्रेसिंग रूम, शौचालय और अधिकारियों के कक्ष सहित पूर्ण रूप से निर्मित इंडोर स्पोर्ट्स हॉल शामिल है।



इस परियोजना से उमलिंगका प्री-सेकेंडरी स्कूल, सन श्नोंग सेकेंडरी स्कूल, फिला रैपसांग सेकेंडरी स्कूल और थॉमस जोन्स सेकेंडरी स्कूल सहित चार स्थानीय स्कूलों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा क्षेत्र के करीब 3,000 युवाओं को भी इससे फायदा होगा।

अन्य ख़बरें

दिल्ली एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

Newsdesk

‘विवादित स्थलों पर नमाज नहीं पढ़ी जानी चाहिए’: मुस्लिम समुदाय ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया

Newsdesk

दक्षिण गुजरात आर्थिक छलांग के लिए तैयार: जेपी नड्डा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading