डिंडोरी सी टाइम्स । जिले के दूरस्थ एवं छत्तीसगढ सीमा से सटे ग्राम पंचायत चांड़ा, विकासखंड बजाग में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने पहुंचकर पंचायत प्रांगण में जनसुनवाई आयोजित की। आयोजित जनसनुवाई में 22 आवेदन प्राप्त हुए। जिला मुख्यालय से दूरी एवं आवागमन में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर स्वयं बैगाचक क्षेत्र पहुंचीं, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिली। कलेक्टर को अपने बीच देखकर ग्रामीण महिला एवं पुरूषों में खुशी की लहर देखी गई और ग्रामीणों ने अपनी बात बढ़चढ़कर शेयर किए। जनसुनवाई के साथ-साथ स्वास्थ्य कैंप का भी आयोजन किया गया जहां पर ग्रामीणों ने 144 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कैंप में एक्सरे मशीन के द्वारा एक्सरे, खून की जांच, सुगर, बी.पी., गठियावात, बुखार आदि बीमारियों का इलाज कर आवश्यकतानुसार दवा वितरित की गई।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत तांतर, सिलपिड़ी, चांड़ा, सोनतीरथ, ठाड़पथरा, पंडरीपानी सहित बैगाचक क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने-अपने आवेदन लेकर पहुंचे। इस दौरान विद्युत, पेंशन, पेयजल, आवास, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, जनमन आवास की अंतिम किस्त, वनग्रामों में पट्टा नामांतरण, बीएसएनएल टॉवर, पशु चिकित्सालय, स्व-सहायता समूह ऋण, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं स्पांसरशिप योजना से संबंधित आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
ग्राम सिलपिड़ी में पेयजल समस्या के समाधान हेतु कलेक्टर ने पीएचई विभाग को दो दिवस के भीतर नया हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं दादर टोला की सावनी बाई द्वारा पानी की समस्या रखे जाने पर एक दिवस के भीतर हैंडपंप स्थापना एवं नल-जल योजना से शेष परिवारों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि श्रीमती सावनी बाई गोंडी चित्रकला के लिए जानी जाती हैं और भोपाल में भी अपनी कला से पहचान बना चुकी हैं।
जनसुनवाई के दौरान सुनिया बाई ने पति के निधन के बाद दो छोटे बच्चों के भरण-पोषण की समस्या रखी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग को स्पांसरशिप योजना के तहत दोनों बच्चों को 4000-4000 रुपये प्रतिमाह स्वीकृत कर प्रदाय करने के निर्देश दिए।
ग्राम में पशु चिकित्सालय में डॉक्टर की अनुपस्थिति की शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित स्टाफ को तलब कर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि चिकित्सालय नियमित रूप से सुबह 9 बजे संचालित किया जाए, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया।
जनसुनवाई में बजाग एसडीएम भारती मेरावी, तहसीलदार भरत सिंह बट्टे, कार्यपालन यंत्री आरईएस ललित कुमार, उप संचालक कृषि संजय जोशी, अभिलाषा चैरसिया, नेहा धूरिया, कार्यपालन यंत्री पीएचई अफजल इमाम उल्ला, बीएमओ डाॅ. चन्द्रशेखर उईके, बीआरसी डाॅ. ब्रजभान गौतम, मनोज उपाध्याय, एनआरएलएम प्रबंधक अर्पणा पाण्डेय, सचिन अग्रवाल, बीईओ बलवीर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————————–


