**
*जबलपुर को नंबर 1 बनाने का शंखनाद, अब 20 घंटे चलेगा सफाई अभियान, महापौर ने कसी कमर*
*प्रातः 06 बजे से रात्रि के 02 बजे तक तीन शिफ्टों में चलेगा सफाई अभियान*
*शहर में जनभागीदारी से बना है स्वच्छता का माहौल, जबलपुर को बनायेंगे नम्बर 1 – महापौर*
*नगर निगम में साधनों, संसाधनों और धनराशि की नहीं है कोई कमी – महापौर श्री अन्नू*
जबलपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर को देश का सिरमौर बनाने के लिए नगर निगम ने अपनी रणनीति बदल दी है। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर स्वच्छता गतिविधियों को सुपरफास्ट मोड पर लाने के निर्देश दिए हैं।
*तीन शिफ्टों में महा-अभियान*
शहरं हर वक्त साफ सुथरा नजर आएगा। महापौर ने कहा है कि स्वच्छता अभियान अब प्रातः 06 बजे से प्रारंभ होकर देर रात 02 बजे तक कुल तीन शिफ्टों में संचालित किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य मुख्य मार्गों के साथ-साथ व्यावसायिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में कचरा संग्रहण और सफाई की निरंतरता बनाए रखना है।
*संसाधनों की नहीं है कोई कमी*
बैठक के दौरान महापौर श्री अन्नू ने बताया कि शहर के विकास और स्वच्छता के लिए नगर निगम के पास साधनों, आधुनिक संसाधनों और धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे धरातल पर उतरकर कार्य करें और सुनिश्चित करें कि हर वार्ड में सफाई का स्तर उत्कृष्ट हो। जबलपुर में जनभागीदारी से स्वच्छता का एक सकारात्मक माहौल बना है। नागरिकों के सहयोग और निगम की कार्यकुशलता के दम पर हम इस बार जबलपुर को नंबर 1 का ताज पहनाएंगे।
*स्वास्थ्य अमले को मिला एक्शन प्लान*
बैठक में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान, उपायुक्त संभव अयाची और सहायक आयुक्त अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। महापौर एवं निगमायुक्त ने कहा कि हर शिफ्ट की मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे। वार्ड स्तर पर नागरिकों को जोड़कर स्वच्छता के प्रति जागरूक करना। कचरा पॉइंट्स और हॉटस्पॉट्स की पहचान कर वहां तत्काल सफाई सुनिश्चित करना।
नगर निगम के इस निर्णय और साकारात्मक पहल से 20 घंटे के कार्य प्लान से साफ है कि जबलपुर अब स्वच्छता के मामले में बड़े बदलाव की ओर अग्रसर है। महापौर का आत्मविश्वास और संसाधनों की उपलब्धता इस बात का संकेत है कि शहरवासियों का नंबर 1 बनने का सपना अब बहुत दूर नहीं है। महापौर ने कहा कि हम शहर के सम्माननीय एवं देवतुल्य नागरिकों की भागीदारी से स्वच्छता में नम्बर 1 बनायेगें।


