भाई को अस्पताल ले जा रहे युवक की मौत, 10 घायल; 4 की हालत नाजुक
जबलपुर। जबलपुर से अहमदाबाद जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने शनिवार शाम पाटन के पास एक एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एंबुलेंस में सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मरीज और चालक समेत 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नोनी निवासी सौरभ पटेल के भाई का एक्सीडेंट हो गया था। भाई को इलाज के लिए पाटन अस्पताल ले जाने के लिए सौरभ ने डायल 108 एंबुलेंस बुलाई थी। सौरभ खुद एंबुलेंस में अपने घायल भाई के साथ बैठा था। जैसे ही एंबुलेंस पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम खैरी पहुंची, सामने से आ रही तेज रफ्तार बस (AP11-D7775) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस लोहे के ढेर में तब्दील हो गई और सौरभ की मौके पर ही सांसें थम गईं।
हादसे के समय बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो जबलपुर से अहमदाबाद की यात्रा पर थे। टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और बस को जब्त कर लिया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शहपुरा के पास जबलपुर-भोपाल रोड का पुल टूटने के कारण सारा ट्रैफिक पाटन-शहपुरा मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। सड़क संकरी होने के बावजूद लंबी दूरी की बसें यहां से 80-100 की रफ्तार में दौड़ रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की गति बहुत तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही एंबुलेंस को चपेट में ले लिया।
बस में सवार यात्री ममता ने बताया, “जबलपुर से निकले अभी एक घंटा ही हुआ था कि अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और बस पूरी तरह हिल गई। हमें लगा बस पलट जाएगी। नीचे उतरकर देखा तो एंबुलेंस के परखच्चे उड़ चुके थे।”
फिलहाल, पाटन पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।


