मदनमहल क्षेत्र में वारदात के बाद फैली दहशत, दो आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
जबलपुर। शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक बर्थडे पार्टी से लौट रहा था, तभी विवाद के बाद उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मदनमहल थाना प्रभारी धीरज कुमार राज के अनुसार जहांगीराबाद निवासी अतुल प्यासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बड़ा भाई कपिल प्यासी (28 वर्ष) शुक्रवार रात करीब 8 बजे बर्थडे पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था।
रात लगभग 1:30 बजे घर के बाहर झगड़े की आवाज सुनाई दी। परिजन बाहर पहुंचे तो कपिल गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ा मिला। इस दौरान अंकुश और निहाल नामक युवक घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दिए।
परिजनों के मुताबिक घायल कपिल ने बताया कि अंकुश सोंधिया और निहाल सोंधिया ने उस पर चाकू से हमला किया है। मौके पर मौजूद उसके दोस्तों शिवम पटेल, हरी कृष्णा और हनी पटेल ने भी आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने कपिल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद परिजन कपिल को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इससे पहले रात करीब 12 बजे अमोदा रेस्टोरेंट के पास कपिल और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था, जिसे दोस्तों ने शांत करा दिया था। आरोप है कि बाद में आरोपी दोबारा मोटरसाइकिल से पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर निहाल ने कपिल को पकड़ लिया, जबकि अंकुश ने चाकू से हमला कर दिया।
मदनमहल पुलिस ने आरोपी अंकुश सोंधिया उर्फ नटबर और निहाल सोंधिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


