ट्रांसपोर्टर्स की मांगों पर बढ़ी हलचल, धरना-प्रदर्शन की तैयारी तेज।
जैतहरी। माँ नर्मदा फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट ऑनर एसोसिएशन द्वारा 1 जून 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जैतहरी ने एमबी पावर लिमिटेड के महाप्रबंधक को पत्र जारी कर ट्रांसपोर्टर्स की मांगों पर तत्काल बिंदुवार जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसोसिएशन के सचिव सुरेन्द्र पाण्डेय द्वारा 26 मई 2026 को प्रशासन को आवेदन सौंपकर पहले घोषित 27 मई की हड़ताल को स्थगित करते हुए 1 जून 2026 से एमबी पावर के मटेरियल गेट पर संवैधानिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन एवं हड़ताल करने की सूचना दी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कार्यालय ने एमबी पावर प्रबंधन को पत्र भेजकर एसोसिएशन द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों एवं मांगों का परीक्षण कर अपना पक्ष और बिंदुवार जवाब तत्काल प्रस्तुत करने को कहा है। प्रशासन का उद्देश्य आंदोलन से पहले दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर स्थिति को सामान्य बनाए रखना है।
एसडीएम द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर अनूपपुर, थाना प्रभारी जैतहरी तथा माँ नर्मदा फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट ऑनर एसोसिएशन को भी भेजी गई है, जिससे पूरे मामले पर प्रशासनिक निगरानी बनी रहे।
उल्लेखनीय है कि ट्रांसपोर्टर्स लंबे समय से ओवरलोडिंग, समय पर भुगतान, डीजल उपलब्धता तथा परिवहन संचालन से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर असंतोष जता रहे हैं। इन मांगों के निराकरण को लेकर कई बार प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।1 जून से प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और ट्रांसपोर्टर्स के बीच गतिविधियां तेज हो गई हैं। यदि समय रहते मांगों का समाधान नहीं हुआ तो एमबी पावर के मटेरियल गेट पर बड़े स्तर पर आंदोलन होने की संभावना जताई जा रही है, जिसका असर परिवहन व्यवस्था एवं औद्योगिक गतिविधियों पर भी पड़ सकता है।
अब सभी की निगाहें एमबी पावर प्रबंधन के जवाब और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


