लखनऊ, 30 मई । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ में नौसेना शौर्य वाटिका का लोकार्पण करते हुए उत्तर प्रदेश के बदले हुए स्वरूप को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश की पहचान कानून-व्यवस्था की चुनौतियों और माफिया तंत्र से जुड़ गई थी, लेकिन आज प्रदेश विकास, निवेश और सुशासन का नया मॉडल बनकर उभरा है।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश की छवि बदलने में उनकी भूमिका निर्णायक रही है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश को व्यंग्य में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ के रूप में देखा जाता था। निवेशक यहां आने से हिचकिचाते थे और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठते थे। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में स्थिति पूरी तरह बदली है। आज उत्तर प्रदेश ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाओं के जरिए आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का नया केंद्र बनकर सामने आया है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस दृढ़ता के साथ कानून-व्यवस्था को संभाला और अपराध व माफिया तंत्र पर प्रभावी कार्रवाई की, उससे प्रदेश में निवेश और विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है। यही कारण है कि आज उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है।


