33.5 C
Jabalpur
June 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों का धरना, वेतन भुगतान और मांगों पर प्रशासन ने दिया आश्वासन


जबलपुर। विक्टोरिया अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी सभी मांगें श्रम कानूनों के दायरे में आती हैं और पूरी तरह जायज हैं। नेताओं ने मांग की कि कर्मचारियों का बकाया वेतन तत्काल दिया जाए, ईएसआई और पीएफ की राशि नियमित रूप से जमा कराई जाए तथा सभी कर्मचारियों को अनुभव प्रमाण पत्र प्रदान किया जाए। साथ ही 11 माह के अनुबंध संबंधी समस्याओं का भी समाधान किया जाए।
नेताओं ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा ठेका प्रथा समाप्त कर नई व्यवस्था लागू किए जाने की चर्चा है। ऐसे में वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाए और उनकी जगह नए लोगों की नियुक्ति न की जाए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि वर्तमान कर्मचारियों को हटाकर अन्य लोगों को शामिल किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा।
कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि दो से तीन दिनों के भीतर दो माह का बकाया भुगतान किया जाए तथा एक सप्ताह के भीतर कर्मचारियों की आठ प्रमुख मांगों की जांच के लिए समिति गठित की जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो विक्टोरिया अस्पताल का घेराव, मशाल जुलूस और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए कर्मचारी सेवा कार्य जारी रखेंगे।
मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि तीन माह तक बिना वेतन काम करना कर्मचारियों के धैर्य और समर्पण को दर्शाता है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वह भी आंदोलन में शामिल होगा।
इस बीच अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया है कि फरवरी माह का वेतन आहरित हो चुका है तथा मार्च माह का भुगतान एक-दो दिनों में कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित ठेका कंपनी को अप्रैल माह का वेतन भी जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष परिवर्तन के कारण वेतन भुगतान में कुछ व्यवधान उत्पन्न हुआ था, लेकिन अब भोपाल से नियमित रूप से फंड प्राप्त होने की उम्मीद है और भविष्य में वेतन भुगतान सुचारु रूप से किया जाएगा।
कर्मचारियों ने प्रशासन के आश्वासन का स्वागत किया है, लेकिन स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

अन्य ख़बरें

सड़क हादसे के बाद पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष , घायलों का जाना हाल

Newsdesk

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दलबीर सिंह की 26वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई

Newsdesk

प्रत्येक कार्यकर्ता आत्मचिंतन करें, हम कहां खड़े हैं : – संजय साहू

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading