जबलपुर। बरेला थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18 लीटर कच्ची शराब जब्त की है, जबकि 200 लीटर लाहन मौके पर नष्ट कर दिया गया।
थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर (परिवीक्षाधीन भा.पु.से.) ने बताया कि चौकी गौर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम हिनौतिया के यादव मोहल्ला में एक महिला अपने घर के आंगन में अवैध शराब बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फगनी बाई (25) के घर पर दबिश दी, जहां उसके कब्जे से 6 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। साथ ही घर के आंगन में रखे 10 डिब्बों में लगभग 200 लीटर लाहन भी मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर नष्ट कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने उसी मोहल्ले में कमला बाई धुर्वे (35) और लक्ष्मी बाई मरावी (35) को उनके घरों के सामने 6-6 लीटर कच्ची शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों महिलाओं के कब्जे से कुल 18 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए उनके विरुद्ध पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर धारा 34(1) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी गौर उप निरीक्षक नितिन पाण्डे, सहायक उप निरीक्षक आदित्य मिश्रा, प्रधान आरक्षक राकेश सिंह, ओम नारायण, धर्मेन्द्र सोनी, आरक्षक विशाल तथा सैनिक गोकुल शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।


