अनूपपुर। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी और जिले की कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अमरकंटक चौक से शुरू हुआ यह हल्लाबोल मार्च शंकर मंदिर चौक होते हुए इंदिरा तिराहा पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शहडोल जोन प्रभारी रामकृपाल सिंह आर्मो ने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील से लेकर थाने तक बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा है और आम जनता महंगाई एवं प्रशासनिक अव्यवस्थाओं से त्रस्त है।
जिला अध्यक्ष संदीप पडवार ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर जनता से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी चुनौती बनता जा रहा है। साथ ही उन्होंने बिजुरी में नाबालिग से जुड़े मामले में थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की।
प्रदेश सचिव लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
संगठन मंत्री मो. इसराज मंसूरी ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। उन्होंने बिजुरी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
किसान विंग जिला अध्यक्ष अमर गुप्ता ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि खाद-बीज की उपलब्धता और बढ़ती लागत किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। उन्होंने किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र को राहत देने की मांग की।
प्रमुख मांगें
नीट एवं अन्य भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम कम किए जाएं तथा बिजली उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
किसानों को खाद-बीज रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जाए।
जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
बिजुरी प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष रामकृपाल सिंह आर्मो, जिला अध्यक्ष संदीप पडवार, संगठन मंत्री मो. इसराज मंसूरी, अजय शर्मा, समयलाल चंद्रवंशी, योगेश कुमार सोनी, अमर गुप्ता, धर्मदास चौधरी, शकुंतला केवट, विद्यावती पनिका, संजय राठौर, चक्रमणी सोनी, राहुल सोनी, श्रीकांत यादव, देवेंद्र ओलाड़ी, हरिश्चंद्र कुशवाहा, तेजू केवट, रमेश गुप्ता, कमलेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने आगामी समय में जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी
दी।


