जबलपुर। घंटाघर स्थित कॉफी हाउस में आयोजित एक भव्य समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी श्री केशलाल भगत को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘समाजरत्न’ अलंकरण से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर ब्रॉन्ज मेडल विजेता खिलाड़ी विकास कनौजिया का भी पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
यह कार्यक्रम रजक समाज, प्रजापति समाज एवं माझी समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। समारोह में तीनों समाजों के प्रतिनिधियों ने सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान केंद्र सरकार एवं राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से अनुसूचित जाति वर्ग की उपेक्षित एवं वंचित जातियों को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई गई।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष बाद भी कई समाज मुख्यधारा से अपेक्षित रूप से नहीं जुड़ पाए हैं। बैठक में यह सहमति बनी कि अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े मुद्दों पर तीनों समाज मिलकर सरकार एवं प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। साथ ही प्रदेश में क्षेत्रीय प्रतिबंधों को समाप्त कर अनुसूचित जाति वर्ग को समान रूप से एक समान दर्जा प्रदान करने का आग्रह किया गया।
प्रजापति समाज की प्रवक्ता सोनी मास्टर ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार सकारात्मक इच्छाशक्ति के साथ सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों का समाधान कर सकती है। वहीं अधिवक्ता कश्यप ने संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लेख करते हुए समानता के अधिकार के अनुरूप सभी संबंधित जातियों को समान श्रेणी में रखने की बात कही। रजक समाज के प्रवक्ता आर.डी. रजक ने कहा कि जब देश में एक संविधान और एक कानून लागू है तो विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग मानदंडों की समीक्षा की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में आर.डी. रजक, गोविंद, ओमप्रकाश, भागवत रजक, नारायण, अधिवक्ता कश्यप, आर.डी. रैकवार, सोनी मास्टर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


