39.2 C
Jabalpur
June 6, 2026
सी टाइम्स
व्यापार

वित्त वर्ष 2027 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत रहने का अनुमान: रिपोर्ट



नई दिल्ली, 6 जून  एक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में अपेक्षा से बेहतर 7.7 प्रतिशत की वृद्धि के बाद वित्त वर्ष 2027 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

क्रिसिल रेटिंग्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी, सामान्य से कमजोर मानसून और बढ़ती महंगाई का असर खपत और आर्थिक विकास पर पड़ सकता है।

रिपोर्ट में कहा गया, “वित्त वर्ष 2026 में निजी खपत को मिले राजकोषीय समर्थन, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ब्याज दरों में कटौती, वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूत स्थिति, कम महंगाई, अनुकूल मानसून और कच्चे तेल की कम कीमतों के कारण आर्थिक वृद्धि अनुमान से बेहतर रही।”

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 में इनमें से कई कारक प्रतिकूल हो सकते हैं और आर्थिक वृद्धि पर दबाव डाल सकते हैं।

क्रिसिल इंटेलिजेंस के मुताबिक, पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद कच्चे तेल की कीमतें पिछले एक दशक के उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं और चालू वित्त वर्ष में इनके औसतन 90 से 95 डॉलर प्रति बैरल के बीच बने रहने की संभावना है।

वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन में दीर्घकालिक औसत का 90 प्रतिशत वर्षा होने का अनुमान जताया है, जो सामान्य से कम बारिश का संकेत देता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अल नीनो जैसी परिस्थितियों की संभावना कृषि उत्पादन पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2027 में महंगाई बढ़कर 5.1 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जबकि वित्त वर्ष 2026 में यह 2.1 प्रतिशत थी। इससे निजी खपत पर दबाव बढ़ने की आशंका है।

रिपोर्ट में कहा गया कि ऊर्जा, परिवहन और अन्य इनपुट लागतों में तेज बढ़ोतरी का बोझ उत्पादक उपभोक्ताओं पर डाल सकते हैं, जिससे कोर महंगाई बढ़ने की संभावना है।

इसके अलावा, पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण इस वर्ष वैश्विक मांग कमजोर रहने की संभावना है, जिसका असर भारत के निर्यात पर भी पड़ सकता है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि फरवरी के अंत में शुरू हुए और मार्च में तेज हुए पश्चिम एशियाई संघर्ष से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार बनी रही।

निजी अंतिम उपभोग व्यय (पीएफसीई) की वृद्धि दर पिछली तिमाही के 8.2 प्रतिशत की तुलना में 7.1 प्रतिशत रही। हालांकि यह पिछले 10 तिमाहियों के औसत 6.4 प्रतिशत से काफी अधिक है

अन्य ख़बरें

सी-डैक में सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर समेत 170 पदों पर भर्ती जारी, 20 जून तक आवेदन का मौका

Newsdesk

गूगल 2029 तक स्पेसएक्स को देगा 30 अरब डॉलर, एआई कंप्यूटिंग क्षमता के लिए हुआ बड़ा समझौता

Newsdesk

राज्यों के वित्त आयोगों को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम, केंद्र सरकार सोमवार को जारी करेगी नई रिपोर्ट

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading