सिवनी- सिवनी कोतवाली पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए लापता हुए दो मासूम बच्चों को महज एक घंटे के भीतर सकुशल खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 जून 2026 की शाम लगभग 5 बजे आजाद वार्ड निवासी विनोद साहू ने थाना कोतवाली पहुंचकर सूचना दी कि उनकी 5 वर्षीय पुत्री एवं 3 वर्षीय पुत्र घर से अचानक लापता हो गए हैं। बच्चों के अचानक गायब होने से परिवार में चिंता और घबराहट का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री कृष्णा लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली ने तत्काल विशेष टीम गठित की। चीता स्टाफ एवं थाना पुलिस को अलग-अलग क्षेत्रों में बच्चों की तलाश के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन और पतासाजी की गई। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दोनों बच्चों को लगभग एक घंटे के भीतर सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा सिवनी पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि आपात परिस्थितियों में सिवनी पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


