अनूपपुर,। कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक एवं एक नाबालिग बालिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पहली घटना ग्राम पंचायत पसला के चरतरिहा टोला की है, जहां 45 वर्षीय मिठाईलाल उर्फ मिट्ठू ने अपने घर के अंदर अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं दूसरी घटना ग्राम पंचायत औढ़ेरा के जल्दाटोला स्थित जंगल की है। यहां समनू बैगा की 16 वर्षीय पुत्री ने जंगल में एक पेड़ पर रस्सी और दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी सरपंच पति जयपाल सिंह तथा सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और साक्षियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को जिला अस्पताल अनूपपुर भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया तथा अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार, नाबालिग बालिका एक अन्य बच्ची के साथ दिशा-मैदान और सूखी लकड़ी लेने जंगल गई थी। इसी दौरान लोगों ने उसे पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। घटना के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। कोतवाली पुलिस दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।


