June 13, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

काली स्कॉर्पियो से अवैध हथियार लेकर जा रहे दो आरोपी पकड़े गए, 2 लोडेड पिस्टल और 2 कारतूस जब्त

सिहोरा पुलिस ने मझौली ब्रिज के पास एनएच-30 पर घेराबंदी कर की कार्रवाई, स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर फरार, आरोपियों ने पूछताछ में बाबू सिंधी और अंकित सोनी का नाम बताया

जबलपुर। अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो आरोपियों को अवैध फायर आर्म्स के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल और 2 लोडेड कारतूस जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों की तलाश कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी आदेश के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना सिहोरा की टीम ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, 11 जून की रात सिहोरा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो में कुछ युवक अवैध हथियार लेकर कटनी से जबलपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मझौली ब्रिज के पास एनएच-30 पर घेराबंदी की।

कुछ देर बाद कटनी की ओर से काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया। स्कॉर्पियो से दो युवक नीचे उतरे, इसी दौरान वाहन चालक तेजी से गाड़ी बढ़ाकर जबलपुर की ओर फरार हो गया।

पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम निहाल केवट उम्र 21 वर्ष निवासी रामपुर रामनगर, गोरखपुर और गगन जायसवाल उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम ककरा, थाना बदेरा, जिला मैहर बताए।

तलाशी लेने पर निहाल केवट की कमर में एक लोडेड पिस्टल मिली, जिसमें एक कारतूस लोड था। वहीं गगन जायसवाल के पास से भी एक पिस्टल बरामद हुई, जिसमें एक कारतूस लोड पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 2 पिस्टल और 2 कारतूस जब्त किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बाबू सिंधी निवासी घमापुर ने करीब 2-3 माह पहले उन्हें पिस्टल दी थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि 10 जून को वे अंकित सोनी निवासी अधारताल जबलपुर के साथ पिस्टल लेने स्कॉर्पियो से कटनी स्टेशन गए थे, लेकिन पिस्टल नहीं मिलने पर वापस जबलपुर लौट रहे थे।

पुलिस ने आरोपी निहाल केवट, गगन जायसवाल, बाबू सिंधी और अंकित सोनी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट और 49 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। फरार स्कॉर्पियो चालक और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

अन्य ख़बरें

रामगढ़ में एक कोयला खदान में जहरीली गैस सूंघने से चार लोगों की मौत

Newsdesk

राजनगर-बिजुरी मार्ग का मंत्री दिलीप जायसवाल ने किया भूमि पूजन, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Newsdesk

सहायक प्राध्यापक (भूगोल) पद पर चयनित होने पर आकाश सोनी का हुआ सम्मान, क्षेत्र में खुशी की लहर

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading