दो माह तक चली तलाश, विशाखापट्टनम में मजदूरी करते मिला आरोपी
अनूपपुर,। हत्या के मामले में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए आरोपी को पुलिस ने लगभग दो माह की तलाश के बाद आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन में की गई। जानकारी के अनुसार थाना जैतहरी में दर्ज हत्या के प्रकरण धारा 103(1) बीएनएस के तहत आरोपी शैलेष महरा 24 वर्ष निवासी ग्राम सिंघौरा थाना जैतहरी को 21 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त होने के बाद आरोपी को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर में रखा गया था।
इसी दौरान 23 अप्रैल को दोपहर लगभग 12.30 बजे आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 262 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। लगातार की जा रही पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित बिड़ला जंक्शन क्षेत्र में मजदूरी कर रहा है। सूचना के आधार पर वेंकटनगर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दबिश दी और आरोपी शैलेष महरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार अहिरवार, आरक्षक सोनू पर्ते, विजय टाटू तथा साइबर सेल अनूपपुर प्रभारी प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।


