जबलपुर। भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के सभी 16 संभागों में जनकल्याण योजना शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार 18 जून को इन शिविरों का अंतिम दिन रहेगा। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने सभी पात्र नागरिकों से अपने निकटतम संभाग कार्यालय पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
इसी क्रम में घमापुर रामलीला मैदान में आयोजित शिविर का महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अंचल सोनकर ने निरीक्षण किया और हितग्राहियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने बताया कि शिविरों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना, मुख्यमंत्री संबल योजना, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल योजना तथा राशन पात्रता पर्ची जारी करने एवं सुधार से जुड़े आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
शिविरों में ई-केवाईसी, आवश्यक दस्तावेजों का अद्यतन, नए आवेदन, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा विभिन्न योजनाओं के ऑन-द-स्पॉट पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। हितग्राहियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क और पंजीयन काउंटर बनाए गए हैं, जिससे उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य विवेक राम सोनकर, पार्षद विमल राय, गोवर्धन कश्यप, अंजना मनीष अग्रहरि, वर्षा मुकेश बिरहा सहित जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।


