जबलपुर के गोसलपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक प्राइवेट लाइनमैन के साथ चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने युवक को रास्ते में रोककर पहले नकदी और मोबाइल छीना, विरोध करने पर चाकू से हमला किया और फिर उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घायल युवक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहला निवासी 32 वर्षीय अजीत कुमार पटेल गोसलपुर पावर हाउस में प्राइवेट लाइनमैन का काम करता है। 16 जून 2026 की रात करीब 9 बजे वह ग्राम मुस्करा में बिजली सुधारने गया था। काम पूरा करने के बाद वह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड सी 9637 से मुस्करा से गोसलपुर वापस लौट रहा था।
रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर वह एनएच-30 से लगभग 200 मीटर पहले पहुंचा, तभी 20 से 22 वर्ष के एक युवक ने हाथ से इशारा कर उसे रोक लिया। जैसे ही अजीत रुका, आरोपी ने चाकू निकालकर उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए। आरोप है कि बदमाश ने उसकी शर्ट की ऊपर वाली जेब में रखे 1200 रुपये और मोबाइल निकाल लिया।
पीड़ित ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने चाकू से हमला कर उसकी दाहिनी भुजा में चोट पहुंचा दी। इसी दौरान आरोपी के 2 से 3 साथी भी मौके पर पहुंच गए। अजीत डरकर मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा, तभी बदमाशों ने दोबारा चाकू से वार कर उसकी कमर में चोट पहुंचाई और उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, अंधेरा होने के कारण वह आरोपियों को ठीक से पहचान नहीं पाया। जान बचाने के लिए वह खेतों की ओर भागा, जहां वह बेहोश हो गया। करीब 2 से 3 घंटे बाद होश आने पर वह पैदल हाईवे स्थित राजेश यादव की टायर पंचर दुकान तक पहुंचा।
पीड़ित अजीत कुमार पटेल की रिपोर्ट पर गोसलपुर थाना पुलिस ने धारा 309(4), 126(2), 118(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास के मार्गों तथा संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
देर रात हुई इस वारदात ने हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


