मुंबई। महाराष्ट्र के परभणी तालुका के यशवाड़ी गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर आ रही है. यहां स्थित हनुमान मंदिर परिसर में बने सभा मंडप के पिलर और छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है जबकि 32 जख्मी हुए हैं. घायलों का इलाज जारी है.इस हादसे में 8 से 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. वहीं, छत के गिरे हुए मलबे के नीचे करीब 30 से 40 श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद परिसर में चीख-पुकार मच गई है और स्थानीय प्रशासन व ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. शनिवार का दिन होने के कारण मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी.


