हसदेव क्षेत्र के वसुंधरा क्लब में दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज, कला-संस्कृति और रचनात्मकता से सराबोर रहा पहला दिन
राजनगर। हसदेव क्षेत्र मे श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग, एसईसीएल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “नारी राग-रंग महोत्सव-2026” का शुभारंभ गुरुवार को हसदेव क्षेत्र स्थित वसुंधरा क्लब में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। 25 एवं 26 जून तक आयोजित इस महोत्सव में जागृति महिला समिति एवं मानव संसाधन विभाग, हसदेव क्षेत्र के संयोजन में महिला अधिकारियों, महिला कर्मचारियों तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई रहीं। उनके साथ समिति की पदाधिकारी रूना मित्रा, पूनम रानी, रूपा दत्ता, माला तिवारी एवं तृप्ति पांडे भी उपस्थित रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत की सामूहिक प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
स्वागत उद्बोधन स्टाफ ऑफिसर (मानव संसाधन) डी.डी. तिवारी ने दिया। वहीं प्रबंधक (मानव संसाधन) अमन कुमार ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद प्रतिभागियों एवं निर्णायक मंडल ने निष्पक्षता एवं उत्कृष्टता की शपथ ग्रहण की तथा निर्णायकों का परिचय कराया गया।
अपने संबोधन में डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति एवं आत्मविश्वास को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
महोत्सव के प्रथम दिवस में स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इसके बाद मेहंदी, आर्ट एंड क्राफ्ट, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, पेंटिंग, ड्राइंग, रंगोली, मोनो एक्ट, एंकरिंग, मिमिक्री, स्टैंड-अप कॉमेडी, नाटक तथा एकल गीत जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
महोत्सव के निर्णायक मंडल में डॉ. सरोज बाला बिश्नोई, श्रीमती रंजीता कुमार, श्रीमती रूना मित्रा, श्रीमती रूपा दत्ता एवं श्रीमती माला तिवारी शामिल हैं, जिनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिताओं का सफल संचालन किया जा रहा है।
आयोजन के दूसरे एवं अंतिम दिन 26 जून को एकल नृत्य, समूह गीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि नारी राग-रंग महोत्सव-2026 का उद्देश्य महिला अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार की महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव का प्रथम दिवस उत्साह, सहभागिता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।


