जबलपुर। आगामी गणेश विसर्जन पर्व को शहर में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने छोटी लाइन फाटक, अंधमुख चौराहा, पावन तट गौरीघाट और भटौली स्थित विसर्जन कुंड का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने भटौली विसर्जन कुंड की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संतोष व्यक्त किया कि कुंड पूर्ण रूप से व्यवस्थित और तैयार है। नर्मदा नदी की स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखने के उद्देश्य से निर्मित इस विसर्जन कुंड में प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और क्रेन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही, शहर के प्रमुख मार्ग और यातायात के केंद्र अंधमुख चौराहे का भी जायजा लिया गया। निगमायुक्त अहिरवार ने चौराहे को व्यवस्थित करने, यातायात प्रवाह को सुगम बनाने और आसपास के क्षेत्रों को सुंदर व साफ-सुथरा बनाने के लिए अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। छोटी लाइन फाटक से लेकर गौरीघाट तक के मार्ग पर स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखने को कहा गया है।
निगमायुक्त के इस अवसर पर छोटी लाइन फाटक से गौरीघाट तक सड़क मरम्मत कार्य का भी निरीक्षण किया और शीघ्रता से कार्यों को पूर्ण करने निर्देश दिए। इस मौके पर अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव कार्यपालन यंत्री जागेंद्र सिंह, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से,अतिक्रमण अधिकारी के के रावत, संभागीय अधिकारी पंकज अवस्थी,सहायक यंत्री अंकुर नाग, आशीष पाटकर,वीरेंद्र पांडे, अभिषेक तिवारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी आदि उपस्थित रहे।


