जबलपुर। शहर के नागरिकों को बेहतर और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी सिलसिले में आज सुबह-सुबह निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा के अलावा अन्य अधिकारियों की टीम के साथ परियट पहुंचकर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। निगमायुक्त ने मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
45 सदस्यों की टीम और मशीनरी तैनात ,परियट में जल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम की टीम पूरी ऊर्जा के साथ जुटी हुई है। वर्तमान में 45 सदस्यों की एक विशेष टीम और अत्याधुनिक मशीनरी संसाधन मौके पर तैनात हैं, जो व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
अधिकारियों की निगरानी में हो रहा काम ,काम की गंभीरता को देखते हुए स्थल पर खुद कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव, जी एस मरावी के साथ सहायक यंत्री राजेश खंपरिया, अनुराग पाठक, अंकुर नाग और अमजद खान मंसूरी सहित तकनीकी अमला मौके पर डटा हुआ है। अधिकारियों की इस सीधी मौजूदगी से कार्य में तेजी आ रही है और किसी भी तकनीकी समस्या का ऑन-स्पॉट निपटारा किया जा रहा है।
निगमायुक्त ने कहा कि नागरिकों को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरी टीम पूरी क्षमता के साथ फील्ड पर काम कर रही है ताकि जल आपूर्ति में कोई बाधा न आए।इस अवसर पर निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ भगवान भोलेनाथ, हनुमान जी और भगवान इंद्र देव की पूजन अर्चन कर शहर में अच्छी बारिश की कामना की।


