जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। तिलहरी आवासीय योजना के 288 अधूरे मकानों का निर्माण ‘जो जहां है, जैसा है’ की स्थिति में पीपीपी मॉडल पर पूरा किया जाएगा। इससे वर्षों से लंबित योजना पूरी होगी और नगर निगम को करीब 18 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। भू-जल संरक्षण के लिए शहर के 1500 चिन्हित स्थानों पर वर्षा जल संचयन प्रणाली लगाने का काम तेज किया गया है। महापौर ने अगले तीन माह में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य भी घोषित किया। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डुमना नेचर पार्क में स्विस टेंट आधारित 5-स्टार होटल और रेस्टोरेंट विकसित होगा। नागरिक सुविधाओं के तहत 12 आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण इसी माह शुरू होगा, जबकि 50 प्रमुख स्थानों पर पीपीपी मॉडल से सार्वजनिक साइकिल सेवा शुरू की जाएगी। राइट टाउन स्टेडियम की खाली भूमि पर ओलंपिक भवन बनेगा और पांच प्रमुख श्मशान घाटों का लगभग छह करोड़ रुपये से उन्नयन व सौंदर्यीकरण किया जाएगा। बैठक में लीज नवीनीकरण, नामांतरण, नामकरण और प्रशासनिक प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में मेयर इन काउंसिल के सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेन्द्र यादव, श्रीमती रजनी कैलाश साहू, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, एमआईसी सचिव दिनेश प्रताप सिंह सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।


