सिवनी – जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के नेतृत्व में सिवनी पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए जिले के विवेचकों को 230 टैबलेट वितरित किए हैं। इस पहल का उद्देश्य अपराधों की विवेचना को अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
अब पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर ही टैबलेट के माध्यम से ई-विवेचना (e-Investigation) कर सकेंगे। घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्यों का डिजिटल संग्रहण, फोटो एवं वीडियो अपलोड, गवाहों के बयान दर्ज करने सहित कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं मौके पर ही ऑनलाइन पूरी की जा सकेंगी। इससे कागजी कार्यवाही में कमी आएगी और जांच की गति में उल्लेखनीय सुधार होगा।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्षम, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जा रहा है। डिजिटल उपकरणों के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता बेहतर होगी, साक्ष्यों का सुरक्षित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा तथा न्यायिक प्रक्रिया में भी सहायता मिलेगी।
सिवनी पुलिस की यह पहल जिले में तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इससे न केवल विवेचना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी, बल्कि आम नागरिकों को भी त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवा का लाभ मिलेगा।


