जैतहरी (अनूपपुर)। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग के पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान के तहत बुधवार, 8 जुलाई 2026 को थाना जैतहरी द्वारा नगर में व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी नगर निरीक्षक गोकुलानंद पांडे के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में तीन प्रमुख विद्यालयों के लगभग 1,150 विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने सहभागिता कर साइबर अपराध के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक समन्वयक, स्टेट रेफरी, नेशनल ट्रेनर एवं नशा मुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल के सहयोग से किया गया।
अभियान के प्रथम चरण में न्यू स्टेला हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, लहरपुर (जैतहरी) में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा विषय पर भाषण, प्रश्नोत्तरी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। विद्यालय के होनहार छात्र पंकज मिश्रा ने भी साइबर अपराधों के प्रकार एवं उनसे बचाव के उपायों पर प्रभावी जानकारी साझा की।
इसके पश्चात पीएम श्री कन्या शिक्षा परिसर, जैतहरी में छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के दुष्परिणाम तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अंतिम चरण में पैरामाउंट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, जैतहरी में साइबर सुरक्षा शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर पूरे नगर जैतहरी में भव्य साइबर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक नारों के माध्यम से आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। प्रमुख नारों में”हमने मन में ठाना है, साइबर अपराध से बचाना है”, “सुरक्षित रहें, साइबर अपराध से बचें”, “साइबर ठगी से बचना है, मोबाइल का ओटीपी नहीं बताना है” जैसे संदेशों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपनिरीक्षक अमर लाल यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर अपराधियों की कार्यप्रणाली, डिजिटल ठगी के नए तरीकों तथा सतर्कता बरतने के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं उपनिरीक्षक जे.पी.एच. तिर्की ने ऑनलाइन लेन-देन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी। आरक्षक नरेंद्र सिंह ने साइबर ठगी से बचाव के सरल उपाय बताते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी अथवा ओटीपी साझा न करने की अपील की।इस अवसर पर न्यू स्टेला स्कूल के डायरेक्टर विनीत जोसेफ, पीएम श्री कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य ईश्वर सिंह, पैरामाउंट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल के स्वप्निल यादव, तीनों विद्यालयों का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन, साइबर सुरक्षा संबंधी प्रेरक नारों का संचालन एवं जनजागरूकता अभियान का नेतृत्व दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
यह अभियान विद्यार्थियों एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति विश्वास, जागरूकता और सतर्कता का संदेश देने में अत्यंत सफल रहा तथा जैतहरी नगर में साइबर अपराधों के विरुद्ध जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।


